Jaipur News: राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन की आज यानी सोमवार 31 अगस्त को अंतिम तारीख है। इससे ठीक पहले रविवार शाम राजधानी जयपुर में Congress के टिकटों को लेकर जमकर घमासान हुआ। 150 वार्डों के लिए प्रत्याशियों के चुनाव को लेकर रविवार शाम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने जयपुर के नेताओं की वॉर रूम में बैठक बुलाई। करीब दो घंटे तक चली बैठक के बावजूद सभी वार्डों में प्रत्याशियों के नाम पर आम सहमति नहीं बन सकी।
बैठक का मुख्य उद्देश्य 150 वार्डों में उम्मीदवारों के चयन को अंतिम रूप देना था। हालांकि, कई वार्डों में दावेदारों की बड़ी संख्या और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों के चलते कांग्रेस के सामने सहमति बनाने की चुनौती बनी रही। यही वजह है कि पार्टी ने अभी तक जयपुर के लिए आधिकारिक तौर पर उम्मीदवारों की पूरी सूची जारी नहीं की है।
उम्मीदवारों को फोन कर नामांकन के निर्देश
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, जिन दावेदारों को कांग्रेस ने चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है, उन्हें फोन के जरिए नामांकन दाखिल करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। नामांकन की समयसीमा को देखते हुए पार्टी किसी भी तरह की देरी से बचना चाहती है।
दूसरी ओर, टिकट नहीं मिलने से कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा के घर के बाहर नाराज कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए हैं। प्रदर्शनकारी टिकटों में बदलाव की मांग कर रहे हैं और अपने समर्थित दावेदारों को मौका देने की मांग पर अड़े हुए हैं।
अंतिम समय में कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ीं
नामांकन की अंतिम तारीख से ठीक पहले टिकट वितरण को लेकर सामने आया यह विवाद कांग्रेस के लिए चुनौती बन गया है। पार्टी नेतृत्व की कोशिश है कि स्थानीय स्तर पर विरोध को नियंत्रित करते हुए उम्मीदवारों का नामांकन समय पर पूरा कराया जाए। वहीं, वार्ड स्तर पर टिकट को लेकर असंतोष का असर चुनावी समीकरणों पर पड़ने की आशंका भी बनी हुई है।
