शहर

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग हुई तेज, CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने समर्थकों से की एयरपोर्ट न आने की अपील

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने समर्थकों से दिल्ली एयरपोर्ट पर एकत्र न होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अपेक्षा से अधिक समर्थन मिलने के कारण भीड़ जुटने से आम लोगों और सुरक्षा व्यवस्था को परेशानी हो सकती है। दिपके अब जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति लेने के लिए संसद मार्ग थाने पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं।

Image

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके

Photo : Times Now Digital

Cockroach Janta Party: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने गुरुवार को अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एकत्र न हों। यह अपील पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके द्वारा भारत लौटने की घोषणा के कुछ दिनों बाद जारी की गई है। पार्टी के बैकअप सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किए गए एक वीडियो में अभिजीत दिपके ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर लोगों का समर्थन उनकी उम्मीदों से कहीं अधिक मिला है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों का एयरपोर्ट पर जुटना आम यात्रियों और सुरक्षा एजेंसियों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है, इसलिए सभी समर्थक वहां आने से बचें।

जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन

दिपके ने कहा कि अब वह सीधे संसद मार्ग थाना जाकर जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति मांगेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि आंदोलन पूरी तरह संवैधानिक और शांतिपूर्ण होगा तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा नहीं होनी चाहिए। इससे पहले अभिजीत दिपके ने घोषणा की थी कि वह 6 जून को भारत लौटेंगे और परीक्षा संबंधी विवादों तथा कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए एक शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू करेंगे।

सरकार तक प्रभावी ढंग पहुंची उनकी मांग

इंस्टाग्राम पर जारी एक वीडियो संदेश में उन्होंने छात्रों और समर्थकों से इस अभियान में शामिल होने की अपील की थी। दिपके ने कहा था कि देशभर के लोगों को संविधान के दायरे में रहकर अपनी आवाज उठानी चाहिए ताकि सरकार तक उनकी मांग प्रभावी ढंग से पहुंच सके। दिपके ने बताया था कि वह 6 जून की सुबह दिल्ली पहुंचेंगे और समर्थकों के साथ संसद मार्ग थाने जाकर जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति लेने का प्रयास करेंगे।

छात्रों में असुरक्षा और चिंता का माहौल

दिपके का आरोप है कि हाल के सालों में परीक्षा से जुड़े विवादों और व्यवस्थागत समस्याओं ने छात्रों में असुरक्षा और चिंता का माहौल पैदा किया है, जिसके लिए जवाबदेही तय की जानी चाहिए। गौरतलब है कि अभिजीत दिपके द्वारा स्थापित कॉकरोच जनता पार्टी एक व्यंग्यात्मक और युवा-केंद्रित सोशल मीडिया आंदोलन के रूप में उभरी है, जिसे समय के साथ कई चर्चित हस्तियों और बड़ी संख्या में युवाओं का समर्थन प्राप्त हुआ है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article