Gorakhpur News: गोरखपुर में आज सामूहिक विवाह का कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। जिसमें 1500 गरीब बेटियां दुल्हन बनेंगी। इस कार्यक्रम में यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। वे आज दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आए हुए हैं। इस दौरान वे सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होकर 1500 बेटियों को आशीर्वाद देंगे। यह विवाह कार्यक्रम गोरखपुर के दिग्विजयनाथ पार्क में आयोजित हो रहा है। इसमें सरकार की ओर से प्रत्येक विवाह पर 51 हजार रुपये खर्च किए जा रहे हैं। साथ ही यहां विवाह करने वाली कन्याओं के बैंक अकाउंट में भी 35 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे।
गोरखपुर में सामूहिक विवाह कार्यक्रम (फोटो साभार - istock)
मुख्यमंत्री का दो दिवसीय दौरा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आज गोरखपुर में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वे दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर में आए हुए हैं। आज 11 बजे से महंतदिग्विजयनाथ पार्क में सामूहिक विवाह कार्यकर्म का आयोजन हो रहा है। जिसमें सीएम भी शामिल होंगे और वैवाहिक जोड़ों को आशीर्वाद देंगे। इसके बाद महादेव झारखंडी के पास विकसित भारत संकल्प यात्रा में भी शामिल होंगे। जहां वे पीएम मोदी का संबोधन सुनेंगे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के नए स्वीकृत आवासों का सांकेतिक भूमि पूजन भी होगा, जिसे सीएम योगी करेंगे।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की शुरुआत 2017-18 से हुई है। तब से अब तक गोरखपुर में करीब 6000 शादियां हो चुकी हैं। योजना के तहत सरकार की ओर वैवाहिक जोड़े को उपहार भी दिया जाता है। जिसमें वर-वधु को कपड़े, गहने और गृहस्थी का सामान दिया जाता है।
