शहर

आगरावासियों के लिए खुशखबरी! सीएम योगी देंगे ₹5142 करोड़ की 'ग्रेटर आगरा' योजना की सौगात, 7 अप्रैल को करेंगे दौरा

सीएम योगी आदित्यनाथ 7 अप्रैल को आगरा दौरे पर रहेंगे, जहां वे शहर को ‘ग्रेटर आगरा’ जैसी बड़ी विकास परियोजना की सौगात देंगे। अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करने के साथ-साथ धार्मिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

Image

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 5,142 करोड़ रुपये की ‘ग्रेटर आगरा’ परियोजना का करेंगे शुभारंभ

Photo : ANI

Agra News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 7 अप्रैल को ताज नगरी आगरा के दौरे पर रहेंगे, जहां वे शहरवासियों को एक बड़ी सौगात देने वाले हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री करीब 5142 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही महत्वाकांक्षी ‘ग्रेटर आगरा’ परियोजना का भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम के दौरान वे प्रस्तावित टाउनशिप के मॉडल का निरीक्षण भी करेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री जिले में विभिन्न विभागों से जुड़ी कई अन्य विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। अपने दौरे के क्रम में वे वृंदावन पहुंचकर श्रीमद् जगतगुरु द्वाराचार्य श्री मलूकनाथ जी महाराज की 452वीं जयंती महोत्सव में शामिल होंगे, जहां वे लगभग एक घंटे तक कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।

विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित करने की योजना

योगी सरकार की ‘नए शहर प्रोत्साहन योजना’ और शहरी विस्तार नीति के अंतर्गत आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) इस बड़े टाउनशिप प्रोजेक्ट को विकसित कर रहा है। ग्राम रायपुर और रहन कलां क्षेत्र की लगभग 449.65 हेक्टेयर भूमि पर 10 आधुनिक रिहायशी टाउनशिप स्थापित की जाएंगी। ‘ग्रेटर आगरा’ को विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित करने की योजना है, जिसमें विकसित हरित पार्क, चौड़ी और व्यवस्थित सड़कें, निरंतर बिजली और पानी की आपूर्ति के साथ-साथ सभी जरूरी आधुनिक नागरिक सुविधाएं शामिल होंगी। यह परियोजना आगरा के आवासीय ढांचे को एक नई दिशा देने और शहर की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाएगी।

जानें क्या है सीएम योगी का मिनट टू मिनट कार्यक्रम

निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक 7 अप्रैल को शाम 4:25 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर एक्सप्रेसवे के पास रायपुर-रहन कलां स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेगा। यहां आगरा के प्रभारी एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद शाम 4:30 बजे मुख्यमंत्री ‘ग्रेटर आगरा’ योजना का भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे। साथ ही वे अन्य कई करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। सभी कार्यक्रमों के समापन के बाद वे शाम लगभग 5:25 बजे आगरा से रवाना हो जाएंगे।

शहर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी परियोजना

प्रभारी एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से दी जा रही ‘ग्रेटर आगरा’ परियोजना शहर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने इसे विश्वस्तरीय योजना बताते हुए कहा कि कार्यक्रम को सफल और यादगार बनाने के लिए स्थल का निरीक्षण किया जा चुका है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनसभा, सुरक्षा, पार्किंग और हेलीपैड से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं तय समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं, ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article