Yogi Adityanath Kushinagar Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कुशीनगर जनपद को 424 करोड़ से अधिक की 278 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस अवसर पर एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विकास बनाम अराजकता के मुद्दे पर पिछली सरकारों को जमकर घेरा और उत्तर प्रदेश की सुधरी कानून व्यवस्था का कड़ा संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि पहले की सरकारों के समय उत्तर प्रदेश कट्टा-बम बनाने वालों की पहचान से जुड़ा था, जो निर्दोष लोगों और व्यापारियों को लूटने के काम आता था। वे बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाते थे। लेकिन हमने इन शोहदों को पूरी तरह ठीक कर दिया है। जो ठीक नहीं हुआ और बोली से नहीं माना, वो गोली से जरूर मान गया है।
मच्छर और माफिया दोनों का किया सफाया, बुलेट स्पीड से बढ़ रहा कुशीनगर
मुख्यमंत्री ने कुशीनगर के अतीत और वर्तमान की तुलना करते हुए कहा कि पिछली सरकारों की विकृत मानसिकता ने इस क्षेत्र को सिर्फ बीमारी, भुखमरी और बेरोजगारी दी थी. लेकिन डबल इंजन की सरकार ने इंसेफेलाइटिस (दिमागी बुखार) और माफिया, दोनों पर ऐसा प्रभावी प्रहार किया कि आज ये दोनों यूपी से लगभग समाप्त हो चुके हैं। सीएम ने चुटकी लेते हुए कहा कि मच्छर बीमारी लाता था और माफिया बेरोजगारी, लेकिन सरकार ने दोनों का पक्का इलाज कर दिया है। आज कुशीनगर पिछड़ेपन की पहचान छोड़कर बुलेट स्पीड से आगे बढ़ रहा है।
फाजिलनगर का नाम बदलकर पावागढ़ करने का प्रस्ताव
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एक और बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि कुशीनगर के फाजिलनगर क्षेत्र का नाम बदलकर "पावागढ़" करने का प्रस्ताव भेजा गया है। नाम बदलने के इस फैसले से यह पूरा क्षेत्र भगवान महावीर की पवित्र विरासत से सीधा जुड़ जाएगा और इसे वैश्विक स्तर पर एक नई और अनूठी पहचान मिलेगी। इसके साथ ही, उन्होंने बताया कि जिले में अब अपना मेडिकल कॉलेज, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय साकार हो चुके हैं, जिसमें इसी सत्र से बच्चों के दाखिले शुरू हो जाएंगे। किसानों के लिए गन्ने का मूल्य 315 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये प्रति कुंतल कर दिया गया है।
पिछली सरकारें बनाती थीं कट्टा, आज यूपी में बन रही ब्रह्मोस मिसाइल
विपक्ष और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि सपा घोषित रूप से 'रामद्रोही' रही है, जिसने राम मंदिर निर्माण में लगातार बाधाएं खड़ी कीं। उन्होंने कहा कि जनता के एक वोट की ताकत देखिए कि आज अयोध्या में प्रभु राम का भव्य मंदिर बन चुका है, जम्मू-कश्मीर से धारा 370 खत्म हो गई और आज उत्तर प्रदेश देश की रक्षा के लिए ब्रह्मोस मिसाइल बना रहा है। जब भारत का जवान दुश्मन की छाती पर ब्रह्मोस दागता है, तो पाकिस्तान “बचाओ-बचाओ” चिल्लाने लगता है।
424+ करोड़ की सौगात: प्रमुख लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान तमकुही राज और फाजिलनगर विधानसभा क्षेत्रों के लिए करोड़ों के विकास कार्यों का विवरण इस प्रकार है:
प्रमुख लोकार्पण (कुल परियोजनाएं):
प्रमुख लोकार्पण परियोजनाओं की बात करें तो तमकुही राज में 179 करोड़ की 20 विकास परियोजनाओं, फाजिलनगर में 45 करोड़ से अधिक की 71 परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ। साथ ही विभिन्न मार्गों का नवनिर्माण व चौड़ीकरण, सेवरही थाने में 48 व तरयासुजान थाने में 32 क्षमता के हॉस्टल/बैरक। इसके अलावा सेवरही में 50 बेड का फील्ड हॉस्पिटल और भैरवनगर घघवा में विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण हुआ।
प्रमुख शिलान्यास (कुल परियोजनाएं):
तमकुही राज में 143 करोड़ से अधिक की 121 परियोजनाओं और फाजिलनगर में 157 करोड़ से अधिक की 66 परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ। वहीं जौरामन राखन में राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय का निर्माण, विभिन्न स्थानों पर लघु पुल और बांसी नदी के पिपरा गोला घाट पर नए सेतु (पुल) का शिलान्यास किया गया।
लाभार्थियों को चेक, टूलकिट और स्वीकृति पत्रों का वितरण
मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सीधे लाभान्वित किया। संध्या देवी एवं प्रियंका को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृति पत्र सौंपे गए। स्वयं सहायता समूहों की प्रतिनिधि अभिनेती सिंह और निभा गौड़ को 13 करोड़ का चेक प्रदान किया गया। फार्मर मशीनरी बैंक हेतु विवेक गुप्ता को चाबी सौंपी गई और मिलेट्स प्रोत्साहन के लिए मनोज कुशवाहा को 10 लाख का चेक दिया गया। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत कुमारी रूबीना खातून को सिलाई मशीन टूलकिट दी की गई। इस अवसर पर कुशीनगर के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, सांसद रविकिशन, सांसद शशांक मणि, विधायक डॉ. असीम कुमार, सुरेंद्र कुमार कुशवाहा सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
