जहां कभी जंगलों और पहाड़ियों के बीच रास्ते खत्म हो जाते थे,वहां आज विकास की नई लहर दस्तक दे रही है। बस्तर के सुदूर इलाकों में पहुंचना एक चुनौती हुआ करता था, लेकिन अब वह तस्वीर तेजी से बदल रही है। बीजापुर जिले के कोण्डापल्ली में हाल ही में बना आधुनिक बेली ब्रिज इसी बदलाव का जीवंत प्रतीक है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज सुशासन तिहार के तहत इस पुल का निरीक्षण किया और इसे दूरस्थ बस्तर तक विकास,विश्वास तथा सुशासन का मजबूत सेतु बताया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आगे कहा कि हमारी प्राथमिकता अंतिम छोर तक विकास पहुंचाने की है। सड़कें और पुल केवल ढांचे नहीं होते, ये शिक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर भविष्य की राह खोलते हैं।
इस दौरान उन्होंने पुल निर्माण में लगे इंजीनियरों और श्रमिकों की सराहना करते हुए उन्हें विकास यात्रा के असली नायकों का सम्मान दिया। श्रमिकों से बातचीत में उन्होंने उनके अनुभव भी सुने।
बेली ब्रिज की हैं ये खासियतें
बेली ब्रिज एक प्रकार का मॉड्यूलर,पूर्व-निर्मित (Prefabricated) ट्रस ब्रिज है,जिसका आविष्कार द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान ब्रिटिश इंजीनियर डोनाल्ड बेली ने किया था। यह तकनीक विशेष रूप से दुर्गम, संवेदनशील और आपातकालीन क्षेत्रों में तेजी से पुल बनाने के लिए जानी जाती है। भारतीय सीमा सड़क संगठन (BRO) द्वारा बनाया गया यह बेली ब्रिज आधुनिक तकनीक का बेहतरीन उदाहरण है। पारंपरिक पुलों की तुलना में इसे पांच गुना कम लागत में और महज एक महीने के अंदर तैयार किया जा सकता है। यही वजह है कि दुर्गम बस्तर में यह तकनीक विकास को नई रफ्तार दे रही है।
बीजापुर जिले में अब तक बने 21 बेली ब्रिज
बीजापुर जिले में अब तक 21 बेली ब्रिज बन चुके हैं। इन पुलों ने दूरस्थ गांवों को सड़क से जोड़ दिया है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, बाजार और रोजगार की राह आसान हुई है। अब पूरे साल आवागमन बना रहता है।
नई बस्तर की कहानी सुना रहा कोण्डापल्ली का बेली ब्रिज
कोण्डापल्ली का यह बेली ब्रिज अब बस्तर की उस नई तस्वीर को प्रतिबिंबित कर रहा है, जहां विकास शहरों तक सीमित नहीं रह गया है। जंगलों के बीच बसे गांव भी अब मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। यह पुल दो किनारों को नहीं, बल्कि दूरियों को जोड़ रहा है-भौगोलिक, सामाजिक और आर्थिक। बस्तर अब बदल रहा है। और कोण्डापल्ली का यह बेली ब्रिज उस बदलाव की सबसे मजबूत मिसाल बनकर उभरा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
