शहर

'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' से 'बेटी बढ़ाओ' तक हुआ महिला सशक्तिकरण, नारी से नारायणी सम्मेलन में बोलीं CM रेखा गुप्ता

भारती- नारी से नारायणी सम्मेलन में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि नारी केवल परिवार और समाज की धुरी ही नहीं, बल्कि अपने विचारों, नेतृत्व और निर्णयों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की दिशा तय करने वाली शक्ति बनकर सामने आई है। किसी भी देश की वास्तविक समृद्धि और प्रगति वहां की महिलाओं की उन्नति, शिक्षा और सशक्तिकरण से ही परिलक्षित होती है।

Image

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘भारती- नारी से नारायणी’ राष्ट्रीय महिला विचारक सम्मेलन में की सहभागिता

दिल्ली : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को विज्ञान भवन में आयोजित ‘भारती - नारी से नारायणी’ विषय पर महिला विचारकों के राष्ट्रीय सम्मेलन में सहभागिता कर नारी सशक्तिकरण और महिला नेतृत्व के विभिन्न आयामों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में आज भारत में नारी-शक्ति राष्ट्र-शक्ति के रूप में उभर रही है और महिलाओं को सशक्त बनाना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव शक्ति, सृजन और संस्कार के प्रतीक के रूप में देखा गया है। भारत में महिला सशक्तिकरण की यात्रा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ से आगे बढ़कर ‘बेटी बढ़ाओ’ तक पहुंच चुकी है। महिलाएं केवल परंपरा की वाहक ही नहीं बल्कि परिवर्तन की वाहक भी हैं।

राष्ट्र निर्माण की दिशा तय कर रहीं महिलाएं-सीएम रेखा

मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी केवल परिवार और समाज की धुरी ही नहीं, बल्कि अपने विचारों, नेतृत्व और निर्णयों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की दिशा तय करने वाली शक्ति बनकर सामने आई है। किसी भी देश की वास्तविक समृद्धि और प्रगति वहां की महिलाओं की उन्नति, शिक्षा और सशक्तिकरण से ही परिलक्षित होती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और व्यावसायिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। इसी दिशा में लखपति बिटिया योजना के माध्यम से बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड के जरिए महिलाओं को सुरक्षित और सुलभ सार्वजनिक परिवहन की सुविधा प्रदान की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कामकाजी महिलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए कोलेट्रल-फ्री लोन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे अपने उद्यम और व्यवसाय को आगे बढ़ा सकें। साथ ही महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों में अधिक भागीदारी देने के लिए नाइट शिफ्ट में काम करने की अनुमति जैसे महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए हैं, ताकि महिलाएं अपनी क्षमता और प्रतिभा के अनुसार हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे संवाद और विचार-मंथन के मंच महिलाओं के नेतृत्व और उनकी भागीदारी को और मजबूत करेंगे तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर राष्ट्र सेविका समिति की प्रमुख संचालिका सुश्री वी. शांता कुमारी, राष्ट्र सेविका समिति की अखिल भारतीय तरुणी प्रमुख सुश्री विजया शर्मा, भारतीय विद्वत परिषद की कार्यदर्शी प्रो. शिवानी वी. सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित थे।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article