शहर

48 प्रजातियों के 15,500 से अधिक फूलों से सजा दिल्ली का सेंट्रल पार्क, CM रेखा ने ‘फ्लावर फेस्टिवल’ का किया शुभारंभ

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज ‘फ्लावर फेस्टिवल 2026’ का भव्य शुभारंभ किया। यह चार दिवसीय फ्लावर फेस्टिवल 3 मार्च से 6 मार्च 2026 तक आम जनता के लिए निःशुल्क खुला रहेगा, जहां नागरिक खिले हुए पुष्पों की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले सकेंगे।

‘फ्लावर फेस्टिवल’का  शुभारंभ

‘फ्लावर फेस्टिवल’का शुभारंभ

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) द्वारा आयोजित चार दिवसीय ‘फ्लावर फेस्टिवल 2026’ का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर एनडीएमसी के अध्यक्ष केशव चंद्रा, उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की राजधानी होने के नाते दिल्ली को और अधिक सुंदर, स्वच्छ और आकर्षक बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब लोग ट्यूलिप देखने कश्मीर जाते थे, लेकिन आज एनडीएमसी के प्रयासों से दिल्लीवासी राजधानी में ही रंग-बिरंगे ट्यूलिप और अन्य पुष्पों का आनंद ले रहे हैं। उन्होंने इसे ‘सेल्फी फेस्टिवल’ की संज्ञा देते हुए कहा कि यह आयोजन नागरिकों के लिए आनंद और उत्साह का अवसर बन गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फाल्गुन माह में आयोजित यह पुष्पोत्सव राजधानी को रंगों और खुशबुओं से सराबोर कर रहा है। एनडीएमसी के उद्यान विभाग के माली एवं अधिकारियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि उनके अथक परिश्रम से पूरा क्षेत्र पुष्पों से खिल उठा है और अन्य विभागों को भी इन प्रयासों से प्रेरणा लेकर दिल्ली के प्रत्येक क्षेत्र को हरित एवं सुंदर बनाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने एनडीएमसी द्वारा विकसित की गई पुष्प संरचनाओं, पिरामिड आकृतियों और विविध फूलों की सज्जा की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यदि इसी प्रकार परिश्रम जारी रहा तो पूरी दिल्ली फूलों से सराबोर हो सकती है। मुख्यमंत्री ने सभी दिल्लीवासियों से आह्वान किया कि वे परिवार सहित इस सुंदर फ्लावर फेस्टिवल में आएं, वसंत ऋतु की इस पुष्प-छटा का आनंद लें और दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित बनाने के संकल्प में सहभागी बनें।

सीएम रेखा गुप्ता।

सीएम रेखा गुप्ता।

48 किस्मों के 15,500 से पोटेड प्लांट्स, 18 थीम आधारित सेक्शन

फ्लावर फेस्टिवल में 48 विभिन्न प्रजातियों के 15,500 से अधिक पोटेड प्लांट्स को 18 अलग-अलग सेक्शनों में प्रदर्शित किया गया है। डहेलिया, पेटूनिया, पैंसी, साल्विया, मैरीगोल्ड सहित मौसमी पुष्पों के समूह विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। उत्सव में ट्रे गार्डन, लैंडस्केप गार्डन, बड़े आकार की हैंगिंग बास्केट, टेरारियम, पूर्वी एवं पश्चिमी शैली की पुष्प सज्जा (इकेबाना), पशु-पक्षी आकृतियों वाले फ्लोरल फिगर, रंग-बिरंगे फ्लोरल बोर्ड तथा पिरामिड, हार्ट शेप, कोनिकल एवं सिलेंडर आकार की पुष्प संरचनाएं विशेष सेल्फी पॉइंट के रूप में विकसित की गई हैं।

नागरिकों के लिए निःशुल्क प्रवेश

यह चार दिवसीय फ्लावर फेस्टिवल 3 मार्च से 6 मार्च 2026 तक आम जनता के लिए निःशुल्क खुला रहेगा, जहां नागरिक खिले हुए पुष्पों की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले सकेंगे। परिसर में नर्सरी पौधों, बोन्साई, कैक्टस एवं सक्यूलेंट, हर्बल पौधों, हाइड्रोपोनिक्स, बागवानी उपकरण, बीज, गमले, उर्वरक तथा सजावटी सामग्री की बिक्री के लिए विभिन्न स्टॉल भी लगाए गए हैं, जिससे नागरिक बागवानी से जुड़ी सामग्रियां खरीद सकेंगे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

शिव शुक्ला
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article