शहर

Kolkata News: कोलकाता में महिला सुरक्षा को लेकर दो नई पहल, ‘पिंक बूथ’ और ‘शाइनिंग’ टीम की शुरुआत

पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कोलकाता में महिलाओं की सुरक्षा बढ़ाने के लिए दो नई पहल की घोषणा की। प्रमुख चौराहों पर महिलाओं द्वारा संचालित ‘पिंक बूथ’ स्थापित किए जाएंगे। साथ ही ‘शाइनिंग’ नामक महिला मोबाइल पेट्रोलिंग टीमें रात के समय 2 बजे तक गश्त करेंगी।

Image

कोलकाता में महिलाओं की सुरक्षा के लिए दो नई पहल

Kolkata News: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता पुलिस द्वारा महिलाओं की सुरक्षा और आत्मविश्वास को मजबूत करने के मकसद से शुरू की गई दो नयी पहलों की शनिवार को घोषणा की। जिसके तहत कोलकाता के प्रमुख चौराहों पर महिलाओं द्वारा संचालित ‘पिंक बूथ’ स्थापित किए जाएंगे, जहां जरूरत के समय महिलाएं सीधे महिला पुलिस अधिकारियों से मदद ले सकेंगी। इसके साथ ही ‘शाइनिंग’ नामक महिला मोबाइल पेट्रोलिंग टीमें तैनात की जाएंगी, जो रात के समय शहर की प्रमुख सड़कों पर गश्त करेंगी। जिससे कामकाजी महिलाओं को रात के समय अतिरिक्त सुरक्षा और भरोसा मिल सके।

आधी रात तक खुले रहेंगे पिंक बूथ

सीएम ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि शहर के प्रमुख चौराहों पर पूरी तरह से महिलाओं द्वारा संचालित कई ’पिंक बूथ’ स्थापित किए जाएंगे और ये शाम से लेकर आधी रात तक खुले रहेंगे। उन्होंने कहा, ’’शहर में रहने वाली मेरी बहनें किसी भी प्रकार की सहायता के लिए इन बूथ में सीधे केपी (कोलकाता पुलिस) की महिला अधिकारियों से संपर्क कर सकेंगी।’’ मुख्यमंत्री ने ’शाइनिंग’ नाम से गठित महिला मोबाइल पेट्रोलिंग टीम की तैनाती की भी घोषणा की।

रात 8 से 2 बजे तक गश्त करेंगी महिला पेट्रोलिंग टीम

सीएम बनर्जी ने लिखा, ’’कई ’शाइनिंग’ (जैसा कि मैंने उन्हें नाम दिया है) पूरी तरह से महिला मोबाइल गश्ती दल भी रात आठ बजे से रात दो बजे तक ड्यूटी पर रहेंगे, जो ईएम बाईपास और शहर की ऐसी अन्य प्रमुख सड़कों पर गश्त करेंगी, जिनका उपयोग मेरी कामकाजी बहनें रात के समय करती हैं।’’ मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि ’’कोलकाता वर्षों से देश का सबसे सुरक्षित शहर बना हुआ है’’ और विश्वास जताया किया कि ये दो नयी पहलें महानगर में महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने में बहुत मददगार साबित होंगी।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article