शहर

प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए पंजाब के युवाओं को मिलेगी मुफ्त कोचिंग; सीएम मान ने लॉन्च किया मिशन प्रगति

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त कोचिंग प्रदान करने हेतु बठिंडा जिला पुस्तकालय में ‘मिशन प्रगति’ की शुरुआत की। इस दौरान उन्होने कहा कि मिशन प्रगति के तहत ग्रामीण और मेधावी विद्यार्थियों को मुफ्त अकादमिक एवं शारीरिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

Image

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ‘मिशन प्रगति’ की शुरुआत की

पंजाब सरकार युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से ठोस कदम उठा रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को बठिंडा जिला पुस्तकालय में ‘मिशन प्रगति’ की शुरुआत की, जिसके तहत ग्रामीण और मेधावी विद्यार्थियों को एसएसबी, पुलिस, सशस्त्र बलों सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुफ्त अकादमिक और शारीरिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का लक्ष्य नौकरी तलाशने वालों को नौकरी देने वालों में बदलना है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 40 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। अकादमिक कोचिंग के साथ-साथ शारीरिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जो पंजाब पुलिस और सी-पाइट के अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा सी-पाइट मैदान में कराया जाएगा, ताकि अभ्यर्थियों को विभिन्न केंद्रीय और राज्य स्तरीय परीक्षाओं के लिए पूरी तरह तैयार किया जा सके।

मुख्यमंत्री मान ने कहा कि कई बार महंगी किताबें और आवश्यक अध्ययन सामग्री विद्यार्थियों की पहुंच से बाहर होती हैं, इसलिए मिशन प्रगति के तहत विद्यार्थियों को पुस्तकालय की सदस्यता देकर जरूरी किताबें मुफ्त उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि यह पहल मौजूदा संसाधनों और बुनियादी ढांचे का उपयोग करके शुरू की गई है, जिससे सरकारी धन की भी बचत होगी।

इस कार्यक्रम की विशेषता बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह “युवाओं की मदद करने वाला मॉडल” है, जिसमें ऐसे अभ्यर्थी भी मार्गदर्शक की भूमिका निभा रहे हैं, जो स्वयं प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल हो चुके हैं। शिक्षाविदों, विश्वविद्यालयों, पुलिस, खिलाड़ियों, प्रशासनिक अधिकारियों और समाज के विभिन्न वर्गों के सहयोग से यह पहल एक सामुदायिक और सहयोगात्मक मॉडल के रूप में विकसित हो रही है।

मिशन प्रगति के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल “कोई भी पीछे न रहे” के सिद्धांत पर आधारित है और समान शैक्षिक अवसरों के साथ युवा सशक्तिकरण को बढ़ावा देती है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह कार्यक्रम न केवल विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में सहायक होगा, बल्कि पंजाब के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी मजबूत करेगा।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article