Chhattisgarh News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से छत्तीसगढ़ नक्सलवाद के खतरे से मुक्त हुआ है और माओवादी हिंसा का दर्द पीछे छोड़कर अब तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। जगदलपुर के लालबाग मैदान में बस्तर दशहरा महोत्सव-2026 के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि आदिवासी युवा भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (फोटो साभार: @rashtrapatibhvn)
राष्ट्रपति ने कहा, ''छत्तीसगढ़ लंबे समय तक नक्सलवाद के खतरे से जूझता रहा, लेकिन केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से छत्तीसगढ़ इस खतरे से मुक्त हुआ और तेजी से प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।'' रामायण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, ''केवल वानर सेना और ऋषि-मुनियों ने ही नहीं, बल्कि मेरा मानना है कि जंगलों में रहने वाले आदिवासी समुदायों ने भी रावण को हराने में योगदान दिया था।''
'तेजी से प्रगति कर रहा छत्तीसगढ़'
मुर्मू ने कहा कि नक्सली हिंसा का दर्द पीछे छोड़कर छत्तीसगढ़ तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा, ''आज छत्तीसगढ़ के सामने विकास के कई रास्ते खुल रहे हैं। इसके लिए मैं केंद्र और राज्य सरकार को बधाई देती हूं। मुझे बताया गया है कि आदिवासी उद्यमियों को वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराने और उन्हें बाजारों से जोड़ने के प्रयास तेज किए गए हैं।''
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: सपा-कांग्रेस गठबंधन के बीच सीट बंटवारे को लेकर चर्चा तेज, ग्रैंड ओल्ड पार्टी ने सौंपी 172 सीटों की सूची!
मुर्मू ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि इन प्रयासों से समान विकास के जरिए 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य हासिल करने में मदद मिलेगी।
राष्ट्रपति ने कहा, ''आदिवासी युवा देश को विकसित राष्ट्र बनाने की यात्रा में सक्रिय रूप से भागीदारी निभाएंगे।''
मां दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना की
इससे पहले, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को बस्तर जिले के मुख्यालय जगदलपुर में मां दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना कर देशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू ने मंदिर में मां दंतेश्वरी के दर्शन किए और श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में राष्ट्रपति का परंपरागत ढंग से स्वागत किया गया।
