शहर

Chhattisgarh Encounter: दंतेवाड़ा में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, मुठभेड़ में 5 लाख का इनामी नक्सली ढेर

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पांच लाख रुपये का इनामी नक्सली राजेश पुनेम ढेर हो गया। यह मुठभेड़ डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम के साथ हुई। सुरक्षाबलों को मौके से हथियार और नक्सली सामग्री बरामद हुई है।

Image

फाइल फोटो

Photo : PTI

Chhattisgarh Naxalite Encounter: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में पांच लाख रुपये का एक इनामी नक्सली मारा गया है। दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि मुठभेड़ बुधवार रात गीदम पुलिस थाना इलाके के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में हुई, जब जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और बस्तर फाइटर्स का एक संयुक्त दल नक्सल विरोधी अभियान पर निकला था।

नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर की फायरिंग

दंतेवाड़ा एसपी ने बताया कि सुरक्षाबलों को तीन मार्च को गीदम थाना क्षेत्र के गुमलनार, गिरसापारा और नेलगोड़ा के मध्य जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में नक्सली सामग्री और हथियार छिपाए जाने की जानकारी मिली थी। सूचना मिलने के बाद डीआरजी और बस्तर फाइटर्स के जवानों को क्षेत्र के लिए रवाना किया गया और कल जब सुरक्षाबल के जवान घेराबंदी कर आगे बढ़ रहे थे तब रात लगभग नौ बजे भैरमगढ़ एरिया कमेटी के आठ से 10 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की।

अधिकारी ने बताया कि कुछ देर बाद नक्सली वहां से भाग गए। बाद में जब घटनास्थल की तलाशी ली गई तब वहां एक नक्सली का शव बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि मारे गए नक्सली की पहचान बीजापुर जिले के बुरजी गांव के निवासी राजेश पुनेम के रूप में हुई है, जो माओवादियों की भैरमगढ़ एरिया कमेटी का सदस्य था। उस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था।

इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी

राय ने बताया कि घटनास्थल के आसपास एक सेल्फ लोडिंग राइफल, एक इंसास राइफल, मैगजीन सहित एक पिस्तौल, एक वॉकी-टॉकी सेट, कई मैगजीन और एसएलआर, इंसास और कारतूस तथा खोखे बरामद किए गए हैं। अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में तलाश अभियान जारी है। इस कार्रवाई के साथ इस वर्ष अब तक राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ में कम से कम 26 माओवादी मारे जा चुके हैं।

छत्तीसगढ़ में पिछले साल 285 माओवादी मुठभेड़ में ढेर

तीन जनवरी को, बस्तर इलाके में दो मुठभेड़ में 14 माओवादी मारे गए थे। बस्तर क्षेत्र में दंतेवाड़ा समेत सात जिले शामिल हैं। पिछले वर्ष छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में कुल 285 माओवादी मारे गए थे। केंद्र सरकार ने वामपंथी उग्रवाद को खत्म करने के लिए इस साल 31 मार्च तक की समय सीमा तय की है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article