Uttrakhand Chardham Yatra Weather Update: एक ओर उत्तराखंड में चार धाम यात्रा की शुरुआत हो गई है। वहीं दूसरी ओर मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। जिसको देखते हुए अगले कुछ दिन सावधानी बरतने की जरूरत है। इन दिनों उत्तराखंड में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी है। रविवार को मसूरी में भारी बारिश के चलते कैंपटी फॉल का नजारा भयावह हो गया। झरने का तेज बहाव देखकर पर्यटक भी डर गए। बारिश के चलते पहाड़ों से लेकर मैदान तक मौसम में ठंडक बढ़ गई। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में 8 मई तक मौसम खराब रहने का अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड में मौसम विभाग का अलर्ट
उत्तराखंड में 5 से 8 मई तक भारी बारिश, आंधी और ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान केदारनाथ-यमुनोत्री समेत चारधाम यात्रा के रूट पर खासतौर पर चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट के बाद आपदा प्रबंधन विभाग भी अलर्ट हो गया है। चारधाम यात्रा रूट सहित उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में संवेदशील स्थलों में अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किया गया है।
चारधाम आने वाले श्रद्धालु रहे सतर्क
उत्तराखंड में 5 से 8 मई के दौरान खासतौर पर उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ जिले में तेज बारिश हो सकती है। वहीं उत्तरकाशी में 6 और 7 मई को बहुत भारी बारिश की संभावना जताई जा रही है। बारिश के अलर्ट के चलते इस जिले में स्थित गंगोत्री-यमुनोत्री धाम आने वाले श्रद्धालुओं को सतर्क रहने की जरूरत है। इसके अलावा रुद्रप्रयाग में भी तेज बारिश होने के आसार हैं। जिसके चलते केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालों को भी सावधानी बरतने की जरूरत है।
मौसम की जानकारी लेने के बाद आएं उत्तराखंड
मौसम विभाग ने उत्तराखंड में आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को सलाह दी है कि मौसम की जानकारी लेने के बाद ही यहां आएं। मौसम विभाग की वेबसाइट पर लोगों को मौसम से जुड़ी सारी जानकारी मिल सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को नदी वाले इलाकों और गाड़ गदेरे वाली जगहों से दूर रहने की भी सलाह दी है। इसके अलावा स्थानीय लोगों को रात के समय विशेषतौर पर सतर्कता बरतने को भी कहा है।
आपदा प्रबंधन विभाग का अलर्ट
उत्तराखंड में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी के चलते आपदा प्रबंधन विभाग ने भी अलर्ट जार कर दिया है। प्रदेश में 6 और 7 मई को देहरादून, नैनीताल, उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में कहीं-कहीं ओले गिरने का अनुमान जताया गया है।
