Char dham yatra Helicopter Service: उत्तराखंड में चार धाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर सेवा को कुछ समय के लिए बंद किया गया था। जिसके बाद अब इसे फिर से शुरू कर दिया गया है। दरअसल मौसम खराब होने की वजह से हेलीकॉप्टर सेवा को कुछ समय के लिए रोक दिया गया था। लेकिन अब फिर से श्रद्धालु के लिए हेलीकॉप्टर सेवा चारों धामों के लिए बिना रुकावट के चल रही है।
सुचारू रूप से चल रही हेलीकॉप्टर सेवा
उत्तराखंड सरकार ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि चार धाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर सेवा फिर से शुरू हो गई है। सरकार ने कहा कि खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर सेवा कुछ समय के लिए बंद कर दी गई थी। हालांकि अब देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीड्रोम से बद्रीनाथ और केदारनाथ समेत चारों धामों के लिए हेलीकॉप्टर सेवा सुचारू रूप से चल रही है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इस संबंध में ट्वीट करके बताया कि, "राज्य में चारधाम यात्रा सुचारू रूप से चल रही है। अब तक 4 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने धामों के दर्शन किए हैं। श्री केदारनाथ धाम के लिए भी हेली सेवाएं पूरी तरह चालू हैं।"
इन जिलों में बारिश की संभावना
उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से मौसम खराब चल रहा है। कई जगहों पर मध्यम से तेज बारिश भी दर्ज की गई। आज भी मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। 11 मई तक प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। इस दौरान पर्वतीय इलाकों में तेज हवाओं संग हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने शनिवार को उत्तरकाशी, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में झमाझम बारिश होने का अनुमान जताया है। इस दौरान बादलों की गरज के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं कुछ हिससों में हल्की बारिश के भी आसार हैं। 12 मई से उत्तराखंड के मौसम में सुधार होने की संभावना है।
