चण्डीगढ़

हरियाणा में महिलाओं को मिलेंगे हर महीने 2100 रुपए, लाडो लक्ष्मी योजना की अधिसूचना जारी

दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना, 2025’ को लागू करने की अधिसूचना जारी की गई है। इस योजना का मकसद राज्य की महिलाओं को वित्तीय सहायता प्रदान कर उनकी आर्थिक स्वतंत्रता सुनिश्चित करना और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाना है।

Image

लाडो लक्ष्मी योजना

चण्डीगढ़ : पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने प्रदेश में महिलाओं को 2100 रुपए हर महीने देने का वादा किया था और अब इस वादे को अमली जामा पहनाया जा रहा है। हरियाणा सरकार ने लाडो लक्ष्मी योजना (Lado Lakshmi Yojana) के तहत महिलाओं को यह धनराशि देने का फैसला किया है और इस योजना की अधिसूचना जारी कर दी गई है। हरियाणा में 25 सितंबर से यह योजना लागू की जाएगी और इसके तहत महिलाओं का रजिस्ट्रेशन शुरू किया जाएगा।

हरियाणा की नायब सरकार ने महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए यह कदम उठाया है। ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना, 2025’ को लागू करने की अधिसूचना जारी की गई है। इस योजना का मकसद राज्य की महिलाओं को वित्तीय सहायता प्रदान कर उनकी आर्थिक स्वतंत्रता सुनिश्चित करना और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। यह योजना महिलाओं को समाज की मुख्यधारा में शामिल करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस योजना के तहत, सभी पात्र महिला लाभार्थियों को प्रतिमाह 2100 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

यह राशि महिलाओं को उनकी दैनिक आवश्यकताओं, जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और अन्य जरूरी खर्चों को पूरा करने में सहायता करेगी। विशेष रूप से, यह योजना उन महिलाओं के लिए लाभकारी होगी जो आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से आती हैं और जिन्हें परिवार की जिम्मेदारियों को निभाने में वित्तीय कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

क्या हैं मानक?

पहले चरण में हरियाणा सरकार ने 1 लाख तक की सालाना आय वाली महिलाओं को यह लाभ देने का फैसला किया है। दूसरे चरण में इसमें 1 लाख 80 हजार सालाना वाली महिलाओं को शामिल किया जाएगा और तीसरे चरण में 3 लाख 50 हजार तक की आने वाली महिलाओं को भी 2100 रुपए हर महीने दिए जाएंगे।यह राशि न केवल उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगी, बल्कि उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रोत्साहित भी करेगी। यह योजना ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं के बीच समान अवसर प्रदान करने में भी मदद करेगी। सरकार ने इस योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पात्रता मानदंड और आवेदन प्रक्रिया को सरल और ऑनलाइन रखा है, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इसका लाभ उठा सकें।

विपक्ष ने इस योजना को लेकर सरकार पर ही सवाल उठाया है उनका कहना है कि भाजपा ने कहा था कि सरकार बनते ही सभी महिलाओं को 2100 महीने दिए जाएंगे लेकिन एक साल लगभग इस सरकार को होने वाला है अभी तक योजना शुरू नहीं की गई है और जब वायदा किया गया था तब सभी महिलाओं को 2100 रुपए देने की बात कही गई थी लेकिन अब इसमें अलग-अलग श्रेणी बनाकर महिलाओं को लाभ दिया जा रहा है।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें