WFI Suspension Revoked: पहलवान विनेश फोगाट ने पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर बुधवार को परोक्ष हमला किया। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति के खिलाफ हमने लड़ाई लड़ी उसी बदमाश को दो दिन पहले कुश्ती फेडरेशन सौंप दिया गया।
पहलवान विनेश फोगाट (फोटो साभार: @Phogat_Vinesh)
WFI पर लगा निलंबन हटा
खेल मंत्रालय ने करीब 26 महीने बाद भारतीय कुश्ती संघ (WFI) पर लगा निलंबन हटा दिया है। इस फैसले का पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और डब्ल्यूएफआई के मौजूदा अध्यक्ष संजय सिंह ने स्वागत किया।
विनेश फोगाट के बयान पर हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि आप राजनीति से प्रेरित बात न करें। हम खिलाड़ी के तौर पर आपका सम्मान करते हैं। विनेश फोगाट ने आगे कहा कि राज्यपाल अभिभाषण में खिलाड़ियों की बात महज दो लाइन में ही समाप्त हो गई। उन्होंने पूछा कि 593 करोड़ रुपये खेलों पर खर्च हुए हैं या कुल खर्चा हुआ है?
खिलाड़ियों को नहीं मिल रही डाइट
उन्होंने कहा कि खेलों की नर्सरी चल रही है उसमें कोच को सैलरी और खिलाड़ियों को डाइट 10 माह से नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि 250 इनडोर जिम, जिसकी कीमत 20 लाख रुपये आई है, अगर इतने आसान होते तो हर जगह उपलब्ध हो जाते।
मुख्यमंत्री पर भी बरसीं विनेश फोगाट
विनेश फोगाट ने कहा कि पेरिस ओलंपिक फाइनल में जो हुआ, परमात्मा को कुछ और मंजूर था, मुझे उसका बहुत दुख हुआ। उस दौरान देश मे बहुत सी बातें चल रही थी। उस समय हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा था कि सिल्वर मैडल जीतने वाले को जो मिलता है वही सम्मान हम देंगे, लेकिन उसका क्या हुआ?
उन्होंने कहा कि आप अपने वादे के बारे में सदन में बताएं की क्या रहा। लोग मुझसे पूछते हैं आपको कैश अवार्ड मिला होगा? इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तो आप सदन की सम्मानित सदस्य हैं। विनेश फोगाट ने कहा कि पैसे की बात नहीं है, सम्मान की बात है। इससे खिलड़ियों का हौंसला बढ़ता है। इस पर विधानसभा स्पीकर ने कहा कि हम सब आपके साथ हैं।
