Punjab News: पंजाब में पुलिस ने पाकिस्तान से कथित संबंध रखने वाले एक हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में अमृतसर से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से सात पिस्तौल, चार कारतूस और डेढ़ लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
अमृतसर काउंटर इंटेलिजेंस ने की कार्रवाई
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट किया, "एक विशिष्ट सूचना पर कार्रवाई करते हुए, ‘काउंटर इंटेलिजेंस’ अमृतसर ने पाकिस्तान से जुड़े एक अवैध हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया और अमृतसर से अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से सात पिस्तौल, चार कारतूस और डेढ़ लाख रुपये नकद रुपये बरामद किए।" उनके मुताबिक, बरामद हथियार में .30 बोर की पांच पिस्तौल और ग्लॉक नौ एमएम की दो पिस्तौल शामिल हैं।
डीजीपी ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया में रह रहा जस्सा अपने स्थानीय सहयोगी जोधबीर सिंह उर्फ जोधा और अभिषेक कुमार की मदद से भारत-पाक सीमा के माध्यम से अवैध हथियारों/गोला-बारूद की तस्करी करता है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि अभिषेक कुमार और जोधबीर सिंह उर्फ जोधा भी हवाला लेनदेन में कथित रूप से शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा मामले की जांच जारी है।
(इनपुट - भाषा)
