Chandigarh: पंजाब पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। चंडीगढ़ से सटे जीरकपुर में पुलिस और गैंगस्टर के बीच मुठभेड़ के बाद पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर युवराज सिंह उर्फ जोरा को गिरफ्तार कर लिया है। ढकोली में हुए इस मुठभेड़ में गैंगस्टर को दो गोली लगी है, वहीं इसके द्वारा चलाई गई एक गोली पंजाब पुलिस के एआईजी संदीप गोयल को भी लगी, हालांकि बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने की वजह से वो बाल-बाल बच गए। बता दें कि गैंगस्टर जोरा बीते दिनों फगवाड़ा में पुलिस कॉन्स्टेबल कुलदीप सिंह बाजवा की हत्या में शामिल रहा है। जिसके बाद से ही पुलिस इसकी तलाश कर रही थी। पुलिस को खुफिया इनपुट मिला था कि, यह ढकोली में छुपा बैठा है। जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी की तो इसने गोलीबारी शुरू कर दी।
होटल के बाहर घेराबंदी करते पंजाब पुलिस
पंजाब पुलिस, गैंगस्टर जोरा के साथ पुलिस की पहली मुठभेड़ बीते शुक्रवार को फगवाड़ा में हुई थी, वहां से वह पुलिस की घेराबंदी तोड़ भागने में सफल रहा। इसके बाद से पुलिस की कई टीमें इसके पीछे लगी थी। इसी दौरान पुलिस को ढकोली के एक होटल में इस गैंगस्टर के होने की जानकारी मिली। जिसके बाद लोकल पुलिस के साथ एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने मोर्चा संभाला। इस दौराना दोनों तरफ से कई राउंड गोलीबारी हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंगस्टर जोरा के पैर में 2 गोलियां लगी। वहीं, जोरा ने एआईजी संदीप गोयल को निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट की वजह से एआईजी बाल-बाल बच गए। एआईजी गोयल इस ऑपरेशन को लीड कर रहे थे।
