चण्डीगढ़

Punjab में 'प्रेशर पॉलिटिक्स' नाकाबिले बर्दाश्त! CM बोले साफ- ड्यूटी पर लौटें प्रदर्शनकारी वरना कर देंगे सस्पेंड

  • Edited by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Jan 11, 2023, 02:52 PM IST

कॉमेडियन से राजनेता बने पंजाब के मुख्यमंत्री और आप नेता भगवंत मान ने कहा कि इस तरह की हड़ताल ‘ब्लैकमेलिंग और दबाव की रणनीति’ के समान है।

Image

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान। (फाइल)

Photo : IANS

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सामूहिक तौर पर छुट्टी पर गए पंजाब लोक सेवा (पीसीएस) के अफसरों को चेताया है कि सूबे में प्रेशर पॉलिटिक्स को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सीएम ने इसी के साथ कहा कि सामूहिक अवकाश पर गए कर्मचारी दोपहर दो बजे तक ड्यूटी पर लौट आएं वरना उन्हें सस्पेंड कर दिया जाएगा। सीएम की ओर से यह बयान बुधवार (11 जनवरी, 2023) को ट्वीट के जरिए आया।

मान के मुताबिक, ‘‘मेरे संज्ञान में आया है कि कुछ अधिकारी हड़ताल की आड़ में ड्यूटी पर नहीं आ रहे हैं। वे भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ सरकार की ओर से की गई कड़ी कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं।’’ उन्होंने आगे बताया, ‘‘यह सभी को स्पष्ट हो जाना चाहिए कि इस सरकार की भ्रष्टाचार को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करने की नीति है। इस तरह की हड़ताल ‘ब्लैकमेलिंग और दबाव डालने’ के समान है। इसे किसी भी जिम्मेदार सरकार द्वारा बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।’’

बकौल मुख्यमंत्री, ‘‘इसलिए आपको हड़ताल को अवैध घोषित करने का निर्देश दिया जाता है। आज यानी 11 जनवरी, 2023 को दोपहर दो बजे तक ड्यूटी पर नहीं आने वाले सभी अधिकारियों को निलंबित किया जाए। जो लोग दोपहर दो बजे तक ड्यूटी पर नहीं आएंगे उनकी अनुपस्थिति को ड्यूटी से गैर-मौजूदगी माना जाए।’’

दरअसल, राज्य सतर्कता ब्यूरो द्वारा लुधियाना में पीसीएस अधिकारी नरिंदर सिंह धालीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में अधिकारियों के सोमवार से पांच दिवसीय सामूहिक आकस्मिक अवकाश पर जाने के कारण राज्य में प्रशासनिक कार्यालयों में सेवाएं प्रभावित होने के बाद मान का यह कड़ा रुख सामने आया है।

सतर्कता ब्यूरो ने बताया कि लुधियाना में क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकारी के पद पर तैनात धालीवाल को शुक्रवार को सतर्कता ब्यूरो ने ट्रांसपोर्टरों से रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था। पीसीएस अधिकारी संघ ने दावा किया, ‘‘पीसीएस अधिकारी को अवैध, गलत और मनमाने ढंग से और उचित प्रक्रिया का पालन किए बिना गिरफ्तार किया गया है।’’

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article