Chandigarh AAP protest: दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है, जिसके बाद आम आदमी पार्टी विरोध प्रदर्शन कर रही है। दिल्ली के साथ अब चंडीगढ़ में भी आप का विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। AAP के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने मोहाली-चंडीगढ़ सीमा को सील कर दिया है। इसके साथ ही सीमा पर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। पानी की बौछार करने के इंतजाम के साथ दंगा रोधी वाहनों को भी तैनात किया गया है। सुरक्षा को बढ़ाते हुए सड़कों पर बैरिकेडिंग की गई है। इसके अलावा ट्रैफिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए वाहनों को वैकल्पिक रास्तों की तरफ मोड़ा जा रहा है।
AAP के विरोध के चलते मोहाली-चंडीगढ़ सीमा सील
चंडीगढ़ में धारा 144 लागू
हाल ही में आई जानकारी के अनुसार पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान दिल्ली सीएम केजरीवाल के घर पहुंचेंगे, जिसके बाद दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। आम आदमी पार्टी के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए चंडीगढ़ में सीआरपीसी की धारा 144 लागू कर दी गई है। एसपी मृदुल ने बताया कि कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस बलों को तैनात किया गया है। इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों से बातचीत की जा रही है।
सीएम केजरीवाल गिरफ्तार
दिल्ली कथित शराब घोटाले पर पूछताछ करने के लिए ईडी की टीम गुरुवार (21 मार्च) की देर शाम मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पहुंची। दो घंटे की पूछताछ के बाद के सीएम केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दें कि पूछताछ के लिए ईडी ने केजरीवाल को 9 बार समन भेजा था। 10वें समन के साथ ईडी की टीम देर शाम सीएम के घर पहुंची और उन्हें पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी की जानकारी प्राप्त होने के बाद से ही आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और उनके समर्थक विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली के बाद अब चंडीगढ़ में भी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है।
