चण्डीगढ़

हरियाणा में भीषण हादसा, श्रद्धालुओं से भरे वाहन को ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर, 8 लोगों की मौत और 8 घायल

जींद के नरवाना में करीब 15 लोग कार में सवार होकर गोगामड़ी धाम में पूजा-अर्चना के लिए जा रहे थे। तभी सोमवार देर रात को पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में 8 लोग घायल हो गए और 8 की मौत हो गई।

Image

हरियाणा के जींद में भीषण हादसा

Jind Road Accident: हरियाणा के जींद में सोमवार को भीषण हादसा हो गया। जहां नरवाना में श्रद्धालुओं से भरे एक वाहन को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। घायलों का नरवाना के सरकारी अस्पताल में इलाज हो रहा है।पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

गोगामेड़ी धाम जा रहे थे कार सवार लोग

पुलिस ने बताया कि कुरुक्षेत्र के मर्छेदी गांव से करीब 15 लोग सोमवार शाम को एक कार से राजस्थान के गोगामेड़ी धाम में पूजा अर्चना के लिए जा रहे थे। देर रात करीब साढ़े 12 बजे जब वे नरवाना के बिरधाना गांव के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी, जिससे कार गड्ढे में गिर गई और पलट गई। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद राहगीरों ने कार में सवार लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की और नरवाना थाना सदर पुलिस को घटना की जानकारी दी।

स्थानीय लोगों की मदद से लोगों को बाहर निकाला

पुलिस ने बताया कि सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि घायलों को इलाज के लिए नरवाना के सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने आठ लोगों को मृत घोषित कर दिया जबकि बाकी घायलों को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मृतकों की पहचान रुक्मिणी (50), कामिनी (35), तेजपाल (55), सुरेश (50), परमजीत (50), मुक्ति (50) के रूप में हुई है। अन्य मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article