चण्डीगढ़

Haryana Weather: हरियाणा में गर्मी का सितम, कल से ठंडी होंगी रातें; अंबाला समेत कई जगहों पर स्मॉग का पहरा

हरियाणा में आज रात से मौसम में बदलाव होने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज रात के पारे में गिरावट का पूर्वानुमान जताया है। जिससे कल से रातें ठंडी होने लगेंगी। साथ ही दिन के तापमान में भी 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

Image

हरियाणा में लोग गर्मी से परेशान (सांकेतिक फोटो|PTI)

Photo : PTI

Haryana Weather Today: हरियाणा में मानसून की विदाई के बाद गर्मी का तांडव जारी है। सितंबर माह में भी गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। हालांकि आज रात से मौसम करवट बदलने वाला है। हरियाणा में अब से रातें ठंडी होने वाली है। पहाड़ों की ओर से आने वाली उत्तर पश्चिम हवाओं के कारण तापमान में भी गिरावट आएगी। इस दौरान करीब 2 से 3 डिग्री तक पारा नीचे लुढ़क सकता है। जिससे रात में गर्मी कम होगी और ठंड का एहसास बढ़ेगा।

हरियाणा में करनाल-पलवल रहे सबसे गर्म

हरियाणा में शनिवार को सबसे अधिक तापमान करनाल और पलवल में दर्ज किया गया। इस दौरान अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सबसे कम तापमान महेंद्रगढ़ में 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में जिन इलाकों में अधिक बारिश हुई है वहां स्मॉग भी नजर आने लगा है। रविवार को सुबह के समय अंबाला समेत कुछ जगहों पर हल्का स्मॉग दिखा। यह स्मॉग की चादर ओस और धुएं के मिलने के कारण नजर आ रही है।

दिन के तापमान में भी होगी गिरावट

मौसम विभाग के अनुसार आज रात से बंगाल की खाड़ी और राजस्थान के ऊपर एक एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने का अनुमान है। जिसके प्रभाव से तापमान में गिरावट आने की संभावना है। जिससे दिन के तापमान में भी 2 से 3 डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती है। वर्तमान में अधिकतम पारा 32 से 35 डिग्री तक दर्ज किया जा रहा है, जो गिरावट के बाद 30 से 32 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसके साथ ही रात में भी तापमान में कमी देखने को मिलेगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article