Haryana Weather Today: हरियाणा में पिछले कुछ दिनों से तेज बारिश का दौर थमा हुआ है। हालांकि कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश देखने को मिल रही है। बारिश की गतिविधियों में कमी आने के कारण तापमान में भी बढ़ोत्तरी देखने को मिली। लेकिन जल्द ही हरियाणा में एक बार फिर मानसून के जोर पकड़ने का पूर्वानुमान है। मौसम वैज्ञानिकों ने 16 सितंबर से मानसून एक्टिव होने का अलर्ट भी जारी किया है।
हरियाणा में आज बारिश के आसार (AI Image)
हरियाणा के 8 जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा में आज भी 8 जिलों में बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। वहीं पंचकूला में सुबह के समय बारिश दर्ज की गई। जींद में भी शनिवार को बारिश हुई है। IMD चंडीगढ़ के अनुसार रविवार को हरियाणा के करनाल, पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, अंबाला, कैथल, सोनीपत और पानीपत के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। शेष जिलों में मौसम साफ रहने की संभावना है। जिसके चलते यहां तेज धूप निकलने से गर्मी परेशान कर सकती है।
16 सितंबर से हरियाणा में बदलेगा मौसम
आईएमडी के अनुसार 16 सितंबर से मानसून की सक्रियता बढ़ने से उत्तरी हरियाणा में बारिश की गतिविधियों में भी इजाफा होने की संभावना है। इस दिन पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। अन्य जिलों में मौसम साफ रहने के आसार हैं। वहीं 17 सितंबर को अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, सोनीपत और मेवात में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
गुरुग्राम और फरीदाबाद में आज का मौसम
गुरुग्राम और फरीदाबाद में आज आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। हालांकि बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। 19 सितंबर तक दोनों शहरों में ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार आज गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। वहीं फरीदाबाद में आज अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।
