चण्डीगढ़

हरियाणा निकाय चुनाव के लिए वोटिंग जारी, 55 लाख से अधिक मतदाता तय करेंगे उम्मीदवारों का भाग्य

Haryana Nikay Chunav 2025: हरियाणा 9 नगर निकाय और 40 निकायों के चुनावों पर वोटिंग जारी है। यहां 55 लाख से अधिक मतदाता मेयर और वार्ड पार्षद के लिए चुनावी मैदान में उतरे उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला लेंगे। मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे खत्म होने के बाद रिजल्ट की घोषणा 12 मार्च को की जाएगी।

Image

हरियाणा निकाय चुनाव के लिए वोटिंग जारी

Haryana Nikay Chunav 2025: हरियाणा नगर निकाय के चुनाव के लिए, आज 2 मार्च को सुबह 8 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है। वोटिंग की प्रक्रिया शाम 6 बजे तक जारी रहेगी। जानकारी के लिए बता दें कि हरियाणा के 9 नगर निकाय समेत 40 निकायों के लिए आज मतदान हो रहा है। लोग अपने-अपने क्षेत्र में वोटिंग के लिए सुबह से लाइनों में अपनी बारी आने का इंतजार कर रहे हैं। जानकारी के लिए बता दें कि अंबाला और सोनीपत में केवल मेयर पद के लिए उपचुनाव हो रहे हैं, जबकि गुरुग्राम, हिसार, फरीदाबाद, रोहतक, मानेसर, यमुनानगर और करनाल में मेयर के साथ वार्ड पार्षद के चुनाव आयोजित किए गए हैं। चुनावी मैदान में उतरे उम्मीदवार जनता से मतदान करने की अपील कर रहे हैं।

55 लाख से अधिक मतदाता करेंगे वोट

आज मतदान के दौरान 55 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे और अपनी पसंदीदा पार्टी को वोट करेंगे। मतदाताओं की इस संख्या में 27 लाख पुरुष, 24 लाख महिलाएं और 184 अन्य मतदाता शामिल हैं। हरियाणा नगर निकाय के चुनाव के लिए यहां 5,126 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें 393 को संवेदनशील और 531 को अति संवेदनशील केंद्रों की श्रेणी में रखा गया है। बता दें कि हरियाणा नगर निकाय चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधा टक्कर देखने को मिल रही है।

केंद्री मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने लोगों से की वोट की अपील

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने करनाल नगर निगम के प्रेम नगर स्थित मतदान केंद्र पर वोट डाला। वोट डालने के बाद मनोहर लाल खट्टर ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस अहम पर्व में सक्रिय भागीदारी का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में हर एक वोट का महत्व है, जो राज्य की भविष्यवाणी में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने हर वोट लोकतंत्र के लिए जरूरी बताया

वहीं केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने सेक्टर 28 में बने मतदान केंद्र पर वोट डाला। मतदान के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि राज्य में भाजपा सबसे बड़ी और ऐतिहासिक जीत दर्ज करने जा रही है। मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि जिस तरह के रुझान हैं, पीएम मोदी के आशीर्वाद से और मुख्यमंत्री सैनी के नेतृत्व में भाजपा इस चुनाव में बड़ी और ऐतिहासिक जीत हासिल करेगी। मैं सभी से आग्रह करता हूं कि वे अपने मताधिकार का उपयोग करें और चुनाव प्रक्रिया में भागीदारी निभाएं, क्योंकि हर वोट लोकतंत्र को मजबूत बनाने में योगदान देता है।

कब आएगा हरियाणा नगर निकाय चुनाव का रिजल्ट

हरियाणा नगर निकाय के चुनाव का रिजल्ट 12 मार्च 2025 को आएगा। रिजल्ट की घोषणा में इतना अधिक समय इसलिए लग रहा है क्योंकि पानीपत नगर निकाय की वोटिंग 9 मार्च को होगी। उसके बाद 12 मार्च को मेयर और वार्ड पार्षद के लिए चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। किसके सिर पर जीत का ताज सजेगा तो किसे मिलेगा हार का स्वाद।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article