Indian Citizens in Nepal: नेपाल में चल रहे आंदोलन और हिंसा के बीच फंसी भारतीय नागरिकों, विशेषकर हरियाणा की महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा को लेकर हरियाणा महिला आयोग ने गंभीर चिंता जताई है। आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। रेनू भाटिया ने पत्र में बताया है कि आयोग को एक यूट्यूब वीडियो के माध्यम से जानकारी मिली है, जिसमें एक भारतीय युवती उपासना गिल मदद की गुहार लगाती नजर आ रही है। वीडियो में उपासना ने बताया है कि वह वॉलीबॉल टूर्नामेंट के सिलसिले में नेपाल गई थी लेकिन वहां उपजे हिंसक हालात के चलते वह और हरियाणा समेत भारत के अन्य राज्यों की कई लड़कियां फंस गई हैं।
आयोग ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि नेपाल के कई इलाकों में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है, जिससे आवाजाही और आवश्यक सेवाओं तक पहुंच संभव नहीं हो पा रही है। इससे वहां मौजूद भारतीय नागरिकों, विशेष रूप से महिलाओं और कमजोर वर्गों के लिए गंभीर खतरा पैदा हो गया है। हरियाणा महिला आयोग ने गृह मंत्रालय से अनुरोध किया है कि वह विदेश मंत्रालय (MEA) और काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के साथ मिलकर तत्काल कार्रवाई करे, फंसे हुए भारतीयों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित भारत वापस लाने की व्यवस्था की जाए। आयोग ने विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।
