शनिवार रात चंडीगढ़ के सेक्टर 36 और 37 के लाइट प्वाइंट के पास बड़ा हड़कंप मच गया जब जमीन के नीचे से गुजर रही एलपीजी (LPG) पाइपलाइन में अचानक गैस लीकेज के कारण आग भड़क उठी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। थाना सेक्टर 36 पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके में आवाजाही रोक दी और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
घटनास्थल पर दमकलकर्मियों, थाना प्रभारी, एंबुलेंस और अन्य प्रशासनिक टीमों की तैनाती की गई है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए खतरा बरकरार है। स्थानीय लोगों के अनुसार, लीकेज से पहले गैस की तेज बदबू महसूस की गई थी और कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगीं।
लीकेज के कारणों की जांच जारी
विशेषज्ञों की टीम को मौके पर बुलाया गया है, जो लीकेज के कारणों की जांच कर रही है। प्रशासन ने आम जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, और बचाव कार्य पूरी ताकत से जारी है। इस हादसे के बाद प्रशासन पूरे क्षेत्र की गैस पाइपलाइन की विस्तृत जांच करवाने की योजना बना रहा है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
