लुधियाना : लुधियाना में चलते ऑटो में एक प्रवासी परिवार को लूटने की कोशिश की गई। इस वारदात का एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला चलते ऑटो रिक्शा से कूदने की कोशिश कर रही है और असफल होने पर आस-पास के लोगों से मदद की गुहार भी लगा रही है।
लुधियाना में महिला से लूट का प्रयास
मामला लुधियाना के हुसैनपुरा के पास नेशनल हाइवे का है। जब एक प्रवासी परिवार ऑटो में बैठकर लुधियाना से फिल्लौर की तरफ जा रहा था। महिला को मदद के लिए चीखता चिल्लाता देख हाइवे पर चल रहे वाहन चालकों ने अपने-अपने वाहन से किसी ऑटो का रास्ता रोकने की कोशिश करते रहे, मगर आरोपियों ने ऑटो को नहीं रोका। हालांकि, थोड़ी ही दूरी पर वाहन चालकों ने आरोपियों को पकड़ लिया और पहले तो उनकी जमकर धुनाई की और फिर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस का कहना है पीड़ित परिवार लुधियाना के टंढारी कलां इलाके का रहने वाला है जबकि आरोपी लुधियाना के सुभाष नगर इलाके के रहने वाले हैं। जिनमें से 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और एक आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। पुलिस अब पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
