Punjab: पंजाब में आई बाढ़ की आपदा के बीच मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान न केवल प्रशासनिक मोर्चे पर सक्रिय हैं, बल्कि व्यक्तिगत रूप से भी राहत कार्यों से जुड़े लोगों के संपर्क में बने हुए हैं। अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद, उन्होंने पंजाबी गायक मनकीरत औलख से वीडियो कॉल के जरिए बातचीत की और उनके द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किए जा रहे राहत प्रयासों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने हंसपाल ट्रेडर्स के मालिक प्रीतपाल सिंह हंसपाल को भी विशेष धन्यवाद दिया, जिन्होंने अपनी ओर से 150 से अधिक नावों की व्यवस्था कर बाढ़ में फंसे सैकड़ों लोगों और उनके मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकालने का सराहनीय कार्य किया।
भगवंत मान ने कहा कि पंजाबियों ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि पंजाब की मिट्टी में सेवा, साहस और भाईचारे की भावना गहराई से बसी हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि संकट के समय में राज्य सरकार उन सभी मददगारों के साथ खड़ी है जो इंसानियत के नाते लोगों की जान बचाने में जुटे हैं।
मुख्यमंत्री ने यह संदेश भी दिया कि सरकार सिर्फ एक तंत्र नहीं, बल्कि एक परिवार की तरह हर पंजाबी के साथ खड़ी है। इस भावनात्मक जुड़ाव और सक्रिय भागीदारी ने यह दिखा दिया है कि मान सरकार न केवल शासन चला रही है, बल्कि लोगों के दिलों में भी जगह बना रही है।
