चण्डीगढ़

Chandigarh Municipal Corporation: सीनियर डिप्टी मेयर पद पर बीजेपी की जीत, कुलजीत सिंह संधू ने गुरप्रीत सिंह गाबी को हराया

चंडीगढ़ नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर पद पर बीजेपी के कुलजीत सिंह संधू जीत गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के गुरप्रीत सिंह गाबी को हराया है।

Image

चंडीगढ़ नगर निगम

चंडीगढ़ नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर पद पर बीजेपी के कुलजीत सिंह संधू जीत गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के गुरप्रीत सिंह गाबी को हराया है। बीजेपी के कुलजीत संधू को 19 वोट मिले तो वहीं, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के साझा उम्मीदवार गुरप्रीत सिंह गाबी को 16 ही वोट मिल सके।

BJP को क्रॉस वोटिंग का सता रहा था डर

जीत के आंकड़े भाजपा के पक्ष में आए हैं। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन दोनों पदों पर जीत का दावा कर रहा था। हालांकि, भाजपा को क्रॉस वोटिंग का डर सता रहा था। इसलिए उसने अपने पार्षदों को शहर से बाहर रखा था। निगम कार्यालय में सुबह 10 बजे से मतदान बैलेट पेपर से चुनाव की कार्यवाही शुरू हुई। सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पद पर भाजपा और आम आदमी पार्टी-कांग्रेस गठबंधन के उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला था। सीनियर डिप्टी मेयर पद पर गठबंधन के प्रत्याशी गुरप्रीत सिंह गाबी और भाजपा के प्रत्याशी कुलजीत सिंह संधू के बीच और डिप्टी मेयर के पद पर गठबंधन की प्रत्याशी निर्मला देवी और भाजपा प्रत्याशी राजिंदर शर्मा के बीच मुकाबला था। लेकिन, आखिरी में सीनियर डिप्टी मेयर पद बीजेपी को जीत मिली है। अभी डिप्टी मेयर के पद के लिए रिजल्ट आना शेष है।

कांग्रेस क्यों रह गई पीछे

फिलहाल, संधू को 19 वोट मिले जबकि कांग्रेस के गुरप्रीत गाबी को 16 वोट मिले। एक वोट अवैध घोषित किया गया। महापौर ने परिणाम की घोषणा की। कुल 35 सदस्यीय नगर निगम सदन में भाजपा के 17 पार्षद हैं। तीन आम आदमी पार्टी (आप) पार्षदों के 19 फरवरी को भाजपा में शामिल होने के बाद भाजपा की संख्या 14 से बढ़कर 17 हो गई थी। ‘आप’ के 10 सदस्य हैं जबकि कांग्रेस के सात सदस्य हैं। शिरोमणि अकाली दल का एक पार्षद है। भाजपा नेता एवं चंडीगढ़ से सांसद किरण खेर को भी निगम के पदेन सदस्य के रूप में मतदान का अधिकार है।

उच्चतम न्यायालय ने चंडीगढ़ महापौर चुनाव के परिणाम को 20 फरवरी को पलटते हुए आप-कांग्रेस गठबंधन के पराजित उम्मीदवार कुलदीप कुमार को शहर का नया महापौर घोषित किया था।

न्यायालय ने 30 जनवरी के चुनाव के संचालन में गंभीर खामियां पाए जाने के बाद निर्वाचन अधिकारी अनिल मसीह, जो भाजपा नेता हैं, के खिलाफ ‘‘गंभीर कदाचार’’ के लिए मुकदमा चलाने का भी आदेश दिया था। वरिष्ठ उपमहापौर और उपमहापौर पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया का संचालन आम आदमी पार्टी (आप) के पार्षद कुमार द्वारा किया जा रहा है, जिन्होंने हाल में चंडीगढ़ के महापौर का पदभार संभाला है।

राजिंदर शर्मा रेस में

भाजपा ने 30 जनवरी को चंडीगढ़ महापौर चुनाव में कांग्रेस-आप गठबंधन के खिलाफ जीत हासिल की थी। महापौर पद के लिए भाजपा के मनोज सोनकर ने आप के कुलदीप कुमार को हराया था।

मतपत्रों में छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए आप और कांग्रेस के पार्षदों ने वरिष्ठ उपमहापौर और उपमहापौर पदों के चुनाव का बहिष्कार कर दिया था, जिससे संधू और राजिंदर शर्मा की जीत हुई थी।

इस बार भी भाजपा ने शर्मा को उपमहापौर पद के लिए मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला कांग्रेस की निर्मला देवी से है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article