Chandigarh Weather: पश्चिमी विक्षोभ एक बार फिर से सक्रिय होने वाला है। जिसके असर से चंडीगढ़, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में बारिश के आसार बन रहे हैं। यह बारिश 28 फरवरी से 3 मार्च के बीच हो सकती है, इसके साथ कहीं-कहीं पर ओलावृष्टि होने की भी संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने बारिश का अलर्ट जारी करते हुए बताया कि अभी एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय इलाकों में सक्रिय है। जिसकी वजह से कुछ जगहों पर आंशिक रूप से बादल छाए रहे। यह कमजोर पश्चिमी विक्षोभ आज रात को हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर होते हुए आगे निकल जाएगा। इसके बाद 28 फरवरी यानी कल से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ मंगलवार से होगा सक्रिय
इसकी वजह से चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा पर एक दबाव का क्षेत्र बनेगा। जिसके प्रभाव से 3 मार्च तक कुछ इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। इस प्रभाव से उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में भारी हिमपात होने की भी संभावना है। इस दौरान चंडीगढ़ व आसपास के क्षेत्र में तेज गति से हवाएं चलने और गरज चमक के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं। इस दौराना कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। हालांकि हरियाणा और पंजाब के बाकी जगहों पर इस दौरान सिर्फ बादलों की आवाजाही ही देखने को मिलेगी।
