अमृतसर : पंजाब में हाल के दौरान अपराधिक घटनाओं में काफी बढ़ोतरी देखी जा रही है। होली की रात शुक्रवार-शनिवार रात को अमृतसर के ठाकुर द्वारा शेर शाह सूरी रोड पर दो जोरदार धमाके हुए, जिससे आधी रात हड़कंप मच गया। घटना उस वक्त की है जब सभी लोग सो रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने एक घर में विस्फोटक फेंक दिया, जिससे ब्लास्ट की तेज आवाज से लोग जग गए। घर के जिस हिस्से पर विस्फोटक फेंका गया। उस हिस्से पर काफी नुकसान हुआ है। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक पुलिस ने इन धमकों को लेकर आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
सीसीटीवी फुटेज आए सामने
घटना शुक्रवार देर रात 12:50 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनी गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर दी। फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने है जिसमें दो बाइक सवार कुछ फेंकते हुए दिखाई देर रहे हैं।
इलाके के पार्षद पुत्र का कहना की मंदिर पर हमले के कारण इलाके में दहशत का माहौल है। पंजाब सरकार अमन कानून की स्थिति को कंट्रोल करने में नाकामयाब है। अपराधी बेलगाम है और जघन्य घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने मीडिया से बातचीत में कहा, "इस हमले में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का हाथ हो सकता है। भोले-भाले नौजवानों को गुमराह कर इस तरह के हमलों के लिए उकसाया जा रहा है। हम जल्द ही आरोपियों को पकड़ लेंगे और शहर का माहौल खराब नहीं होने देंगे।"
इस घटना पर अकाली दल के यूथ जिला प्रधान किरनप्रीत सिंह मोनू ने कहा कि यह शर्मनाक और निंदनीय घटना है। पहले पुलिस चौकियों पर हमले हो रहे थे और अब धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया जा रहा है। पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है, जिससे लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंच रही है।"
हमले के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया है और हमलावरों की तलाश तेज कर दी गई है। पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन से लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द हमलावरों को गिरफ्तार किया जाए और इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं।
