Punjab Government Office New Timings: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में नई सोच की सरकार है। नए आइडिया वाली सरकार है। नया खून है, नया विचार है। हर रोज कोई न कोई नए विचार और आइडिया सामने आते हैं। नए फैसले लिए जाते हैं। इसी के तहत पंजाब सरकार ने एक और नया फैसला लिया है। पंजाब के सभी सरकारी दफ्तर 2 मई से सुबह 7:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक खुलेंगे। ये आदेश 15 जुलाई तक जारी रहेंगे।
इस फैसले का ऐलान करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि नई समय-सारणी 2 मई से लागू होगी और 15 जुलाई तक लागू रहेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले गर्मी के मौसम में भयानक गर्मी के मद्देनज़र यह फैसला आम लोगों को सरकारी कार्यालयों में अपने काम आसान ढंग के साथ करवाने के उद्देश्य के साथ लिया गया। भगवंत मान ने कहा कि यह फैसला सभी सम्बन्धित पक्षों के विचार-विमर्श के बाद लिया गया है जिससे सभी की भलाई को यकीनी बनाया जा सके।
अन्य डिटेल देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे आम व्यक्ति अपने काम से छुट्टी लिए बिना सुबह के समय अपना काम करवा सकेगा। उन्होंने कहा कि इससे सरकारी मुलाजिमों को भी सुविधा मिलेगी क्योंकि वह कार्यालयी समय के बाद सामाजिक कामों में शामिल हो सकेंगे। इसी तरह भगवंत मान ने कहा कि इससे मुलाजिम अपने बच्चों के साथ भी अधिक समय बिता सकेंगे क्योंकि बच्चों को भी उसी समय पर स्कूल से छुट्टी हो जाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फ़ैसला पंजाब सरकार के सभी कार्यालयों पर लागू होगा। उन्होंने उम्मीद ज़ाहिर की कि इससे लगभग 300-350 मेगावाट बिजली की बचत करने में भी मदद मिलेगी क्योंकि बिजली का बड़ा हिस्सा सरकारी कार्यालयों में उपभोग हो रहा है। भगवंत मान ने कहा कि पी. एस. पी. सी. एल. के आंकड़ों अनुसार पावरकॉम पर पीक लोड दिन में दोपहर एक बजे के बाद शुरू हो जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नयी समय-सारणी यह भी यकीनी बनाऐगी कि लोग अधिक से अधिक सूरज की रौशनी का प्रयोग कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि कई देशों में लोग मौसम के अनुकूल अपनी घड़ियाँ एडजस्ट करते हैं जिससे वह धूप का अधिक से अधिक प्रयोग कर सकें। भगवंत मान ने लोगों को भरोसा दिया कि राज्य सरकार आने वाले दिनों में भी ऐसे और नागरिक केंद्रित फैसले लेगी।
