चण्डीगढ़

5 दिन की रिमांड पर लिए गए 'आप' MLA रमन अरोड़ा, भ्रष्टाचार के हैं आरोप; विजिलेंस ने कोर्ट से की बड़ी डिमांड

AAP MLA Raman Arora: पंजाब में कथित भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार जालंधर सेंट्रल से आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। अरोड़ा को 'जालंधर नगर निगम के एक अधिकारी के साथ मिलीभगत कर भ्रष्टाचार करने के आरोप में' गिरफ्तार किया गया है।

Image

रिमांड पर विधायक रमन अरोड़ा

AAP MLA Raman Arora: जालंधर नगर निगम के एक अधिकारी के साथ मिलीभगत कर भ्रष्टाचार में कथित रूप से संलिप्त रहने के लिए गिरफ्तार आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक रमन अरोड़ा को जालंधर की एक स्थानीय अदालत ने शनिवार को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। अरोड़ा के वकील दर्शन सिंह ने बताया कि सतर्कता ब्यूरो ने 10 दिन की पुलिस रिमांड की मांग की थी, लेकिन अदालत ने पांच दिन की रिमांड मंजूर कर ली। इससे पहले शुक्रवार को सतर्कता ब्यूरो ने जालंधर में अरोड़ा के घर पर छापा मारा और पूछताछ के बाद उन्हें हिरासत में ले लिया। अरोड़ा (54) जालंधर सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।

इंजीनियर्स एवं बिल्डिंग डिजाइनर एसोसिएशन, जालंधर के तीन पदाधिकारियों द्वारा हस्ताक्षरित एक संयुक्त शिकायत पंजाब सतर्कता ब्यूरो को 14 मई को प्राप्त हुई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि जालंधर नगर निगम के सहायक नगर योजनाकार (एटीपी) सुखदेव वशिष्ट अक्सर उनसे अवैध रिश्वत की मांग करते हैं। आरोप है कि जब भी वह अपने क्षेत्र में जाते हैं तो लोगों को धमकाते हैं कि उनकी इमारतों को सील कर दिया जाएगा और ध्वस्त कर दिया जाएगा।

यह भी आरोप लगाया गया कि उनके पास कई फाइल लंबित हैं, जबकि नगर निगम की अन्य शाखाओं द्वारा उन्हें मंजूरी दे दी गई है। प्रवक्ता ने बताया कि इस शिकायत की जांच के बाद सतर्कता ब्यूरो जालंधर रेंज ने इंजीनियर्स एंड बिल्डिंग डिजाइनर एसोसिएशन, जालंधर के अध्यक्ष सुनील कत्याल की शिकायत पर वशिष्ट के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत 14 मई को प्राथमिकी दर्ज की। विजिलेंस ने वशिष्ठ को गिरफ्तार कर लिया और अपनी जांच आगे बढ़ाई।

गिरफ्तार एटीपी सुखदेव वशिष्ठ के कार्यालय परिसर और आवास की तलाशी के दौरान अन्य आपत्तिजनक दस्तावेजों और भौतिक साक्ष्यों के अलावा, उनके निजी कब्जे और कार्यालय रिकॉर्ड से अनधिकृत निर्माण और संबंधित मामलों के सैकड़ों आधिकारिक नोटिस बरामद किए गए। प्रवक्ता ने कहा कि आगे की जांच से पता चला कि गिरफ्तार अधिकारी एक स्थानीय राजनेता के साथ मिलकर "(जालंधर) शहर के लोगों से पैसे ऐंठने और भ्रष्टाचार में लिप्त होने के लिए" एक अनोखी कार्यप्रणाली अपना रहा था।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article