Amritpal Singh Video: खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह का नया वीडियो सामने आया है, जिसमें कहा जा रहा है कि वो दिल्ली में है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में अमृतपाल सिंह बिना पगड़ी की दिख रहा है।
कब का है वीडियो
मंगलवार को सामने आए नए सीसीटीवी फुटेज में कट्टरपंथी समर्थक खालिस्तानी उपदेशक अमृतपाल सिंह को दिल्ली की एक सड़क पर बिना पगड़ी और नकाब पहने दिखाया गया है। यह फुटेज वारिस पंजाब दे नेता और उनके सहयोगियों पर पंजाब सरकार की कार्रवाई के तीन दिन बाद 21 मार्च का बताया जा रहा है। अमृतपाल सिंह पंजाब पुलिस की पकड़ से भागने में सफल रहा था और अभी तक फरार है।
कोर्ट में सुनवाई
उधर पंजाब में अमृतपाल सिंह को लेकर एक अलग ही खेल चल रहा है। अमृतपाल सिंह को लेकर एक वकील कोर्ट पहुंचा हुआ है। वकील का दावा है कि अमृतपाल सिंह को पुलिस ने अवैध तरीके से हिरासत में रखा हुआ है, पुलिस वाले उसे कोर्ट में नहीं पेश कर रहे हैं। इस मामले पर मंगलावार को सुनवाई हुई, जहां सरकार की ओर से कहा गया कि अमृतपाल सिंह पुलिस के पास नहीं है, लेकिन जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
18 मार्च से धड़पकड़
पुलिस ने 18 मार्च को पंजाब में अमृतपाल और उसके संगठन 'वारिस पंजाब दे' के सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी और अमृतपाल उसके बाद से लापता है। सरकार ने उसे भगोड़ा घोषित किया है। सोशल मीडिया में सामने आई तस्वीरों और वीडियो में वह कई बार अलग हुलिया में दिखा, ताकि पुलिस को चकमा दिया जा सके। हालांकि, पुलिस ने उसके कई साथियों को पकड़ा है।
