चण्डीगढ़

पंजाब में 21 मार्च तक मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद, अमृतपाल को लेकर माहौल गर्म

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Mar 20, 2023, 12:13 PM IST

अमृतपाल सिंह पर कार्रवाई के बाद पंजाब सरकार अलर्ट है और एहतियातन राज्य सरकार ने यहां मोबाइल इंटरनेट पर एक दिन की पाबंद लगाने का फैसला लिया है।

Image

पंजाब में 21 मार्च तक मोबाइल इंटरनेट बंद

Photo : PTI

Mobile Internet Services Suspended in Punjab: वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल सिंह पर पुलिस कार्रवाई के मद्देनजर पंजाब में अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है। इसे लेकर पंजाब सरकार ने 21 मार्च तक मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी है। अमृतपाल को लेकर गर्म माहौल को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

पंजाब सरकार के गृह मामलों और न्याय विभाग ने कहा कि जनता के हित में पंजाब के क्षेत्रीय अधिकार क्षेत्र में सभी मोबाइल इंटरनेट सेवाएं, सभी एसएमएस सेवाएं (बैंकिंग और मोबाइल रिचार्ज को छोड़कर) और वॉयस कॉल को छोड़कर मोबाइल नेटवर्क पर प्रदान की जाने वाली सभी डोंगल सेवाएं 21 मार्च (12:00 घंटे) तक निलंबित रहेंगी।

बता दें कि अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी को लेकर लगातार सस्पेंस बना हुआ है। उसे गिरफ्तार किए जाने की बात कही जा रही है साथ ही उसके फरार होने की भी खबर उड़ी हुई है। इस मामले में 'वारिस पंजाब दे' की ओर से बड़ा दावा किया गया है। संगठन के कानूनी सलाहकार इमान सिंह खारा ने दावा किया है कि शाहकोट पुलिस ने अमृतपाल को गिरफ्तार कर लिया है और उनके फर्जी एनकाउंटर की साजिश रची जा रही है।

पुलिस ने कहा, फरार है अमृतपाल

खारा की ओर यह दावा तब किया गया है, जब पंजाब पुलिस लगातार कह रही है कि अमृतपाल अभी भी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने उसे भगोड़ा भी घोषित कर दिया है।

दूसरी तरफ पंजाब पुलिस ने दावा किया है कि अमृतपाल अभी भी उनकी गिरफ्त से दूर है। इस मालमे में कानून व्यवस्था बिगाड़ने के आरोप में पुलिस ने 34 और लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके बाद पूरे मामले में गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़कर 112 पहुंच गई है। पुलिस ने रविवार को बताया था कि पूरे मामले में कई हथियार भी बदामद किए हैं, जिनकी वैधता की जांच की जा रही है।

बड़ी साजिश रच रहा था अमृतपाल

अमृतपाल सिंह के बारे में एक खुफिया दस्तावेज से खुलासा हुआ है कि वह एक बड़ी साजिश रच रहा था। कहा गया है कि वह एक आत्मघाती हमले की तैयारी कर रहा था और इसके लिए बाकायदा युवाओं को ट्रेनिंग भी दे रहा था। खुफिया सूचना में दावा किया गया है कि खालिस्तान समर्थक अमृतपाल हथियारों को जमा करने के लिए नशा मुक्ति केंद्रों और एक गुरुद्वारे का इस्तेमाल कर रहा था। खुफिया एजेंसियों के मुताबिक, अमृतपाल के तार कथित रूप से पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से भी जुड़े हैं।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article