वरिष्ठ आम आदमी पार्टी नेता और राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने हरियाणा में भाजपा सरकार की दीन दयाल लाडो लभ्मी योजना पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने योजना की एप लॉन्च को लेकर मुख्यमंत्री पर हमला बोलते हुए इसे महिलाओं के साथ सबसे बड़ा राजनीतिक छल बताया है। ढांड़ा ने कहा कि सीएम नायब सिंह ने पंचकूला में इस योजना और मोबाइल एप का शुभारंभ तो कर दिया, लेकिन यह लॉन्च असल में चुनावी धोखे की शुरुआत है।
AAP नेता ने कहा कि 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने बड़ा वादा किया था कि महिलाओं को 2100 रुपये प्रति माह देंगे। लेकिन योजना का रजिस्ट्रेशन अब शुरू कर रही है। भाजपा ने पने वादों से पलटते हुए उसे शर्तों व पाबंदियों में बांध दिया। राज्य में लगभग 1.4 करोड़ महिलाएं हैं, लेकिन योजना का लाभ मुश्किल से 10-12 फीसद महिलाओं फीसद महिलाओं तक ही पहुंचेगा। अन्य महिलाओं के हाथ खाली रह जाएंगे।
उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने लाडो लक्ष्मी के नाम पर महिलाओं की उम्मीदों से खिलवाड़ किया है। गरीब-मिडिल क्लास परिवारों को आय की सीमा में फंसा दिया है। युवतियों व छात्राओं को भी उम्र के नाम पर बाहर कर दिया। बुजुर्ग व विधवा महिलाओं को योजनाओं के टकराव के बहाने लाभ नहीं दिया गया। यह योजना महिलाओं के सशक्तिकरण की बजाय उन्हें शर्तों के पिंजरे में बंद करने का राजनीतिक प्रयास है।
ढांडा ने कहा योजना को चुनाव से पहले महिलाओं को भ्रमित करने का उपकरण बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं से किए गए वादे को भाजपा ने तोड़ दिया है और मोबाइल एप लॉन्च और फोटो सेशन के जरिए नाकामी को ढकने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, हरियाणा की महिलाओं ने भाजपा पर भरोसा किया, लेकिन बदले में उन्हें सिर्फ छल, झूठ और धोखा ही मिल रहा है। जनता अब यह सब समझ चुकी है और आने वाले समय में भाजपा को इसका करारा जवाब देगी।
