Chandigarh: चंडीगढ़ में दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। देर रात फर्नीचर मार्केट किनारे स्ट्रीट डॉग्स को खाना खिला रही एक युवती को तेज रफ्तार थार गाड़ी ने रौंद दिया। जिससे युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल की पहचान 25 साल की तेजस्वनी के तौर पर हुई है। इस पूरे घटना का अब सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। जिसमें दिख रहा है कि तेजस्विता रात करीब 11.39 पर फुटपाथ किनारे बैठे स्ट्रीट डॉग्स को खाना खिला रही है। इसी दौरान रॉन्ग साइड फेज-2 मोहाली की तरफ से एक तेज रफ्तार थार गाड़ी आती है और युवती को रौंदते हुए निकल जाती है।
बताया जा रहा है कि गाड़ी के दो टायर तेजस्विता के ऊपर चढ़ गए। जिसकी वजह से कई जगह से हड्डियां टूटी हैं और सिर में भी गंभीर चोट आई है। घायल युवती का इस समय जीएमएसएच-16 में इलाज चल रहा है। सेक्टर-61 पुलिस चौकी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे की फुटेज भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। घटना को अंजाम देने के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
