चण्डीगढ़

हरियाणा में बड़ा हादसा, भाखड़ा नहर में समाया क्रूजर; 9 लोगों की मौत 3 लापता

हरियाणा के फतेहाबाद क्रूजर के भाखड़ा नहर में गिर जाने से पांच महिलाओं सहित नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य अब भी लापता हैं।

Image

क्रूजर भाखड़ा नहर में गिरा

चंडीगढ़: फतेहाबाद जिले में क्रूजर के भाखड़ा नहर में गिर जाने से पांच महिलाओं सहित नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य अब भी लापता हैं। पुलिस ने बताया कि हादसे के समय वाहन में 14 लोग सवार थे और एक व्यक्ति और 11 वर्षीय एक लड़के को बचा लिया गया है। उसने बताया कि बचाव अभियान जारी है। घटना शुक्रवार रात रतिया के सरदारेवाला गांव में संभवत: घने कोहरे की वजह से हुई।

कोहरे ने ली जान

पुलिस के मुताबिक वाहन में सवार अधिकतर यात्री महमारा गांव के निवासी थे और पंजाब के फाजिल्का जिले के एक गांव में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि जब वाहन सरदारेवाला गांव के पास पहुंचा तो घने कोहरे के कारण चालक ने उसपर से नियंत्रण खो दिया और वाहन भाखड़ा नहर में जा गिरा।

पुलिस उपाधीक्षक (रतिया) संजय कुमार ने बताया कि अब तक नौ शव बरामद कर लिए गए हैं तथा तीन अन्य लापता यात्रियों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। मृतकों में पांच महिलाएं और 11 वर्षीय एक लड़की शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि नहर का जलस्तर कम हो गया है तथा राष्ट्रीय आपदा मोचन बल(एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और गोताखोर बचाव अभियान चला रहे हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article