Chandigarh News: चंडीगढ़ की सड़कों पर इन दिनों एक ऑटो चालक की दरियादिली की खूब चर्चा हो रही है। जहां एक ओर एलपीजी संकट के चलते लोग घंटों कतारों में लगकर गैस सिलेंडर का इंतजार कर रहे हैं, वहीं अनिल कुमार नाम के इस ऑटो चालक ने मानवता की एक अनूठी मिसाल पेश की है। अनिल ने आपदा की इस घड़ी में बुजुर्गों और असहाय लोगों के लिए मुफ्त गैस सिलेंडर डिलीवरी सेवा शुरू की है।
"युद्ध की इस घड़ी में कोई किराया नहीं"
चंडीगढ़ में ऑटो चलाने वाले अनिल कुमार ने अपने ऑटो पर एक खास संदेश लिखवाया है- "युद्ध की इस घड़ी में सिलेंडर का कोई किराया नहीं, फ्री में पहुंचाया जाएगा।" अनिल का कहना है कि एलपीजी संकट के इस दौर में कई बुजुर्ग और महिलाएं ऐसी हैं, जिन्हें गैस एजेंसी तक आने-जाने में भारी दिक्कत होती है। साथ ही, ऑटो वाले भी ऐसे समय में ज्यादा किराया मांगते हैं। इसी परेशानी को देखते हुए अनिल ने मुफ्त सेवा देने का फैसला किया।
आमदनी नहीं, जन सेवा है प्राथमिकता
अनिल कुमार अब तक 22 से अधिक गैस सिलेंडरों की फ्री डिलीवरी कर चुके हैं। लोग मोबाइल के जरिए उनसे संपर्क कर रहे हैं और वह अपने नियमित काम के साथ-साथ इस सेवा को भी बखूबी निभा रहे हैं। अनिल बताते हैं, "कई ऐसे बुजुर्ग हैं जिनके बच्चे दफ्तर चले जाते हैं और सिलेंडर लाने की जिम्मेदारी उन पर होती है। उनके पास आने-जाने का कोई साधन नहीं होता, ऐसे में मैं उनकी मदद कर खुश हूं। मेरी आमदनी पर इसका कोई बुरा असर नहीं पड़ा है, क्योंकि मैं काम के साथ जन सेवा करना चाहता हूं।"
कोरोना काल में भी पेश की थी मिसाल
यह पहली बार नहीं है जब अनिल कुमार ने समाज के लिए हाथ बढ़ाया है। इससे पहले कोरोना महामारी के दौरान भी उन्होंने डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ को मुफ्त में उनके घर तक पहुंचाने की सेवा दी थी। उनकी इसी निस्वार्थ सेवा के लिए चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस उन्हें सम्मानित भी कर चुकी है। आज जब शहर गैस संकट से जूझ रहा है, अनिल एक बार फिर अपनी छोटी सी कोशिश से बड़ी राहत पहुंचा रहे हैं।
