शहर

Chamoli Accident: चमोली में खराब मौसम बना काल, गहरी खाई में गिरी बारातियों से भरी कार, पांच की मौत

Chamoli Accident: चमोली में बारात में शामिल होने के बाद घर लौट रहे बारातियों से भरी कार आंधी और बारिश के चलते गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में कार में बैठे 5 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस, एसडीआरएफ की टीम शवों को बाहर निकालने के कार्य में जुटी हुई है।

Image

गहरी खाई में गिरी बारातियों से भरी कार

Chamoli Accident: उत्तराखंड के चमोली जिले से एक भीषण हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक कार खाई में गिर गई, जिसमें बैठे पांच लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि वह एक विवाह समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर वापस जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम, एसडीआरएफ और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। खाई में गिरी कार से शव को बाहर निकालने का कार्य किया जा रहा है।

घटनास्थल पर मौजूद जिलाधिकारी ने बताया कि कार कई सौ मीटर गहरी खाई में गिरी है। हादसे के बाद अंधेरे और आंधी-बारिश के कारण राहत बचाव कार्य में दिक्कत का सामना करना पड़ा। बता दें कि तेज शनिवार को तेज आंधी और बारिश के कारण यह हादसा हुआ है। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर शोक व्यक्त किया है।

शव को खाई से बाहर निकालने का कार्य जारी

चमोली के जिलाधिकारी डॉ. संदीप तिवारी ने बताया कि बिरही घाटी में निजमूला गांव के पास दुर्घटना की सूचना मिलने पर SDRF, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची लेकिन लगातार बारिश और अंधेरे के कारण दुर्घटनास्थल पर बचाव कार्य में कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि देर शाम छह से सात बजे के बीच हुई दुर्घटना के समय वाहन में पांच लोग सवार थे और पांचों की मौत हो गई। शवों को खाई से बाहर निकालने का कार्य जारी है। बताया जा रहा है कि खराब मौसम के चलते घटना की खबर देर से मिली।

चमोली में तीन दिन बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग द्वारा चमोली जिले में अगले तीन दिनों के लिए जारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर जिलाधिकारी ने आंगनवाड़ी केन्द्र और स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। जिलाधिकारी ने कहा कि शुक्रवार को जिले में बारिश और ओलावृष्टि हुई है और खराब मौसम को देखते हुए लोगों से जरूरी होने पर ही यात्रा करने की अपील की गई है।

सीएम ने की सहायता राशि की घोषणा

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली में हुए सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। हादसे को लेकर जारी एक शोक संदेश में उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के साथ ही शोक संतप्त परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। उन्होंने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को अनुमन्य सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article