शहर

Delhi SIR: ड्राफ्ट लिस्ट से 47.56 लाख मतदाताओं के नाम कटने के बाद बड़ा एक्शन, CEO अशोक कुमार ने दिए दोबारा सत्यापन के निर्देश

Delhi SIR: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान ड्राफ्ट मतदाता सूची से 47.56 लाख से अधिक नाम हटाए जाने के बाद निर्वाचन अधिकारियों ने दोबारा सत्यापन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार के मुताबिक, इस पहल का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

Image

दिल्ली SIR: ड्राफ्ट मतदाता सूची से हटाए गए नामों का दोबारा सत्यापन शुरू (प्रतीकात्मक फोटो- PTI)

Photo : PTI

Delhi SIR: मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) अशोक कुमार ने शुक्रवार को बताया कि निर्वाचन अधिकारियों ने उन 47 लाख से अधिक मतदाताओं के नामों का फिर से सत्यापन शुरू कर दिया है, जिन्हें मतदाता सूची के मसौदे से हटा दिया गया था। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान कोई भी पात्र मतदाता छूट न जाए।

25 लाख मामलों का निपटारा कर दिया गया

यह कदम 31 अगस्त को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची से कई ऐसे मतदाताओं के नाम हटाए जाने की शिकायतों के बीच उठाया गया है, जो अपने पंजीकृत पते पर ही रह रहे थे। कुमार ने बताया कि जिन 33.12 लाख मामलों में मतदाताओं को तार्किक विसंगति के कारण नोटिस जारी किए गए थे, उनमें से लगभग 25 लाख मामलों का निपटारा कर दिया गया है।

किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम न छूटे

कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा, "बूथ-स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे उन मतदाताओं का फिर से सत्यापन करें, जिनके नाम गणना चरण के बाद जारी की गई मतदाता सूची के ड्राफ्ट में नहीं थे। हमारी कोशिश यह सुनिश्चित करने की है कि चार दिसंबर को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम न छूटे।" उन्होंने कहा कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में जिन मतदाताओं के नाम छूट गए हैं, वे चार दिसंबर को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं।

मामूली गलतियां होने पर आवेदनों को सीधे खारिज नहीं किया जाए

उन्होंने बताया कि बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि विवरण में मामूली गलतियां होने पर मतदाताओं के आवेदनों को सीधे खारिज नहीं किया जाए। एसआईआर के गणना चरण के बाद 1.45 करोड़ मतदाताओं में से 47.56 लाख के नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची से एएसडीडी श्रेणी के तहत हटा दिए गए थे। इनमें अनुपस्थित, विस्थापित, मृत और नाम में दोहराव वाले मतदाता शामिल थे।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article