Chhattisgarh News: डिजिटल भारत निधि के तहत केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ में बीएसएनएल के माध्यम से 513 नए 4G मोबाइल टावर लगाने की स्वीकृति दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह नक्सल प्रभावित और दूरस्थ इलाकों में शांति, सुरक्षा और विकास के संयुक्त प्रयासों का अहम परिणाम है। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह निर्णय नक्सल उन्मूलन की दिशा में चल रहे प्रभावी अभियानों को और मजबूती देता है। जिन क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई और प्रशासनिक समन्वय से स्थिरता स्थापित हुई है, वहां अब विकास और डिजिटल कनेक्टिविटी का विस्तार सुनिश्चित किया जा रहा है।
सीएम ने कहा कि 4G मोबाइल टावरों की स्थापना से सुदूर और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को पहली बार भरोसेमंद मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं मिलेंगी। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, प्रशासनिक सेवाओं और आपातकालीन संचार सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री के अनुसार, डिजिटल कनेक्टिविटी का यह विस्तार वित्तीय समावेशन को भी बढ़ावा देगा। मजबूत मोबाइल नेटवर्क से बैंकिंग सेवाएं, डीबीटी, यूपीआई, बीमा, पेंशन और अन्य डिजिटल सुविधाएं आम नागरिकों तक आसानी से पहुंच सकेंगी। मुख्यमंत्री साय ने बताया कि यह पहल डिजिटल इंडिया के उस उद्देश्य को साकार करती है, जिसमें विकास को अंतिम छोर तक पहुंचाने का संकल्प शामिल है। इससे स्थानीय युवाओं को डिजिटल माध्यमों से नए अवसर मिलेंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
सुरक्षा के साथ विकास को प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार नक्सल प्रभावित राज्यों में सुरक्षा के साथ-साथ विकास को प्राथमिकता दे रही है। छत्तीसगढ़ सरकार भी इसी दृष्टिकोण के अनुरूप केंद्र के साथ मिलकर राज्य के हर नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय राज्य को डिजिटल रूप से सशक्त, सुरक्षित और समावेशी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
