शहर

सुवेंदु के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, लखनऊ-बलिया से दो गिरफ्तार, एक ने अदालत में किया सरेंडर

चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में सीबीआई को बड़ी सफलता मिली है। जांच एजेंसी ने मामले से जुड़े दो आरोपियों को उत्तर प्रदेश के लखनऊ और बलिया से गिरफ्तार किया है। वहीं, एक अन्य वांछित आरोपी ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Image

चंद्रनाथ रथ (फाइल फोटो)

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Chandranath Rath Murder Case: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के सिलसिले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को जानकारी के देते हुए बताया कि सीबीआई ने आरोपी विकास मिश्रा और गोलू सिंह को तलाशी अभियान के दौरान उत्तर प्रदेश के लखनऊ और बलिया से गिरफ्तार किया है।

अदालत के सामने किया आत्मसमर्पण

सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि विकास मिश्रा को लखनऊ के एक होटल से पकड़ा गया, गोलू सिंह को बलिया से गिरफ्तार किया गया। इस मामले के एक अन्य आरोपी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोनू ने बृहस्पतिवार को बलिया की एक अदालत के सामने आत्मसमर्पण कर दिया, जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। स्थानीय पुलिस के अनुसार, कुख्यात अपराधी मोनू 12 आपराधिक मामलों का सामना कर रहा है और वह चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में भी वांछित था।

6 मई को हुई थी चंद्रनाथ रथ की हत्या

बता दें कि पश्चिम बंगाल में 6 मई को मुख्यमंत्री के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज मामले की जांच अब सीबीआई के हाथों में है। सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी हत्या के पीछे की साजिश, इसमें शामिल अन्य संदिग्धों और पूरे नेटवर्क की भूमिका को गहराई से खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं, जिससे मामले के अन्य पहलुओं का भी खुलासा होने की संभावना है। सीबीआई फिलहाल हर एंगल से जांच को आगे बढ़ा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी को इस केस में एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

चंद्रनाथ रथ की मां ने कही थी ये बात

वहीं पिछले महीने चंद्रनाथ रथ की मां हासीरानी रथ ने कहा था कि वह अपने बेटे के दोषियों को कड़ी सजा दिलाना चाहती हैं, लेकिन एक मां होने के नाते उनकी इच्छा नहीं है कि आरोपियों को फांसी दी जाए। उन्होंने कहा कि दोषियों को आजीवन कारावास की सजा मिलनी चाहिए। उनका आरोप था कि यह घटना राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद बने माहौल का नतीजा थी। उन्होंने कि हमारे प्रदेश अध्यक्ष और नेता बार-बार राज्य में क़ानून-व्यवस्था बनाए रखने की बात कह रहे थे, जबकि सत्ताधारी दल के कुछ नेताओं द्वारा भड़काऊ बयान दिए जा रहे थे। उनके अनुसार, वो कह रहे थे कि 4 तारीख के बाद दिल्ली के बाप भी हमें नहीं बचा पाएंगे, तो 4 तारीख के बाद उन्होंने वही करके दिखाया। हासीरानी रथ ने कहा कि यदि उनके बेटे की मौत किसी दुर्घटना में हुई होती तो शायद उन्हें इतना दुख नहीं होता, लेकिन जिस तरह यह घटना हुई है, उसने पूरे परिवार को झकझोर दिया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि जब से सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को चुनाव में हराया है, तब से उनके परिवार पर लगातार खतरे का साया बना हुआ है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article