शहर

50,000 रुपये में थी सेटिंग, CCI को रिश्वत लेते रंगे हाथ CBI ने लपेटा; गिड़गिड़ाता रहा रेलवे का अधिकारी

झारखंड की राजधानी रांची में सीबीआई ने रांची के मुख्य वाणिज्यिक निरीक्षक (सीसीआई) हिमांशु शेखर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। छापेमारी के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच अभी जारी है।

Image

(सांकेतिक फोटो-Istock)

रांची : केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने दक्षिण-पूर्वी रेलवे, रांची के मुख्य वाणिज्यिक निरीक्षक (सीसीआई) हिमांशु शेखर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। सीबीआई की टीम ने बुधवार को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया और एक ट्रैप लगाकर उसे शिकायतकर्ता से 50,000 रुपए की रिश्वत की पहली किस्त लेते हुए पकड़ लिया। आरोप है कि मुख्य वाणिज्यिक निरीक्षक हिमांशु शेखर ने शिकायतकर्ता के लगभग 8.70 लाख रुपए के लंबित बिलों को पास करने के बदले कुल बिल राशि का 10 प्रतिशत रिश्वत मांगी थी।

महत्वपूर्ण दस्तावेज साक्ष्य बरामद

तय रिश्वत के अनुसार आरोपी ने पहले चरण में 50,000 रुपए की मांग की और ले भी ली। सीबीआई की टीम ने इसी दौरान आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई ने आरोपी के कार्यालय और आवासीय परिसरों में तलाशी ली जा रही है। छापेमारी के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच अभी जारी है।

यह कार्रवाई रेलवे विभाग में चल रही रिश्वतखोरी के खिलाफ सीबीआई की सख्त मुहिम का हिस्सा है। रेलवे के वाणिज्यिक विभाग में बिल पास करने, ठेका देने और अन्य कामों में रिश्वत लेने के कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। सीबीआई ने स्पष्ट किया है कि आरोपी हिमांशु शेखर, दक्षिण-पूर्वी रेलवे, रांची जोन में मुख्य वाणिज्यिक निरीक्षक के पद पर तैनात थे। उन्होंने अपनी आधिकारिक स्थिति का दुरुपयोग कर ठेकेदार/शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, शिकायतकर्ता के बिल लंबे समय से अटके हुए थे और इन्हें पास कराने के लिए आरोपी ने 10 प्रतिशत रिश्वत का प्रस्ताव रखा था। सीबीआई ने शिकायत मिलते ही तुरंत एक्शन लिया और ट्रैप के जरिए पूरे मामले को पकड़ लिया। अभी तक आरोपी को सीबीआई की हिरासत में रखा गया है। आगे की पूछताछ में और अधिक खुलासे होने की संभावना है। यदि दोष सिद्ध हुआ तो आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article