Chandigarh News: मुख्यमंत्री सेहत योजना के अंतर्गत अब तक के सबसे बड़े क्लेम मामलों में शामिल एक महत्वपूर्ण सर्जरी को पूरी तरह कैशलेस तरीके से सफलतापूर्वक पूरा किया गया। यह उदाहरण भगवंत मान सरकार के उस मजबूत स्वास्थ्य मॉडल को दर्शाता है, जो जमीनी स्तर पर तेज, प्रभावी और भरोसेमंद सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। इस योजना का लाभ 37 वर्षीय सुखपाल कौर, निवासी चंडीगढ़, को मिला, जिन्हें गंभीर एओर्टिक डिसेक्शन जैसी जानलेवा हृदय एवं रक्तवाहिका संबंधी बीमारी के कारण पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया था। उनकी स्थिति बेहद नाजुक थी और तत्काल सर्जरी कराना जरूरी था। इलाज, अस्पताल में भर्ती और विशेष चिकित्सा देखभाल का कुल अनुमानित खर्च करीब ₹4 लाख था, जिसे इतनी कम समय सीमा में जुटा पाना उनके परिवार के लिए काफी मुश्किल हो सकता था।
मान सरकार की मुख्यमंत्री सेहत योजना ने बचाई 37 वर्षीय महिला की जिंदगी
बिना समय गंवाए मरीज का इलाज शुरू
अस्पताल में सेहत कार्ड का सत्यापन होते ही बिना समय गंवाए मरीज का इलाज शुरू कर दिया गया। योजना के प्रावधानों के तहत प्रति परिवार ₹10 लाख तक की कवरेज उपलब्ध होने के कारण पूरी सर्जरी कैशलेस रूप से संपन्न कराई गई। परिवार के एक सदस्य ने बताया, “सारी प्रक्रिया बहुत तेजी से पूरी हुई। डॉक्टरों ने स्पष्ट कहा कि हालत गंभीर है और तुरंत ऑपरेशन करना जरूरी है। इतनी बड़ी राशि का इंतजeeम तुरंत कर पाना हमारे लिए संभव नहीं था। सेहत कार्ड की सुविधा मिलने से इलाज में किसी तरह की देरी नहीं हुई।”
एओर्टिक डिसेक्शन होता है बेहद गंभीर और जानलेवा
मामले के चिकित्सकीय पक्ष को स्पष्ट करते हुए पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ के डॉ. सचिन महाजन ने बताया कि एओर्टिक डिसेक्शन बेहद गंभीर और जानलेवा स्थिति होती है, जिसमें तत्काल सर्जरी करना आवश्यक होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में जरा सी भी देरी मरीज के लिए खतरे को कई गुना बढ़ा सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री सेहत योजना के अंतर्गत सेहत कार्ड के प्रमाणित होने के तुरंत बाद इलाज शुरू किया जा सकता है और वित्तीय मंजूरी की प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ती। इस व्यवस्था के कारण गंभीर हृदय रोगियों को समय पर और निरंतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना संभव हो पाता है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने कहा ये
सरकार की स्वास्थ्य नीति पर जोर देते हुए पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि सुखपाल कौर जैसे गंभीर मामले में एक बहुमूल्य जीवन को सुरक्षित बचा पाना बेहद संतोष देने वाला है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में मुख्यमंत्री सेहत योजना जमीनी स्तर पर प्रभावी बदलाव ला रही है, जिससे परिवारों को आर्थिक चिंता के बिना समय पर उपचार मिलना संभव हो रहा है।
