Haridwar News: हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में गंग नहर में कथित रूप से चिकन बिरयानी फेंकने का मामला सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। इस घटना को लेकर पुलिस ने दो अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल (Haridwar viral video) हो रहा है, जिसके बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। जानकारी के अनुसार, यह घटना 18 मई की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में दो युवक गंग नहर में चिकन बिरयानी और बचा हुआ सामान फेंकते नजर आ रहे हैं।
घटना के बाद पूरा मामला सोशल मीडिया वायरल
बताया जा रहा है कि दोनों युवक ज्वालापुर के लालपुल इलाके के पास नॉनवेज की दुकान चलाते हैं। जब स्थानीय लोगों ने उन्हें ऐसा करते देखा तो उन्होंने तुरंत विरोध जताया और दोनों युवकों को रोक लिया। इस दौरान मौके पर काफी बहस और हंगामा हुआ। वीडियो में कुछ लोग युवकों को खरी-खोटी सुनाते भी दिखाई दे रहे हैं। वहीं वीडियो बना रहे एक युवक और आरोपियों के बीच कहासुनी, गाली-गलौज और हाथापाई की स्थिति भी बन गई। घटना के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। मामले को लेकर कई साधु-संतों और हिंदूवादी संगठनों ने नाराजगी जताई है। उन्होंने गंगा में इस तरह की सामग्री फेंकने को धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामले की जांच की शुरू
घटना के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की बाइक का नंबर भी ट्रेस कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दोनों युवकों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीओ ज्वालापुर संजय चौहान ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द पकड़ने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बनी हुई है, लेकिन लोगों में घटना को लेकर नाराजगी बनी हुई है।
