Punjab News: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी की अटकलें फिर तेज हो गई है दरअसल हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने एक बयान देते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस के संपर्क में हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह वरिष्ठ कांग्रेस के नेता रहे हैं। पिछले दिनों पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी राहुल गांधी की तारीफ की थी और कहा था कि उनके भाई के निधन पर राहुल गांधी ने उन्हें व्यक्तिगत तौर पर फोन किया था। हाल ही में भाजपा के नए अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों को बनाए जाने पर भी कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा था कि भाजपा ने इस बारे में उनसे कोई राय नहीं ली थी।
पत्नी और बेटी भी भाजपा में
बुधवार को भाजपा के कार्यालय में जब केवल सिंह ढिल्लों ने चार्ज संभाला था तो तमाम भाजपा के वरिष्ठ नेता वहां पहुंचे थे लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह इस दौरान भी नदारद नजर आए थे। कैप्टन अमरिंदर सिंह अपनी बेबाकी के लिए जाने जाते हैं उन्होंने पहले कहा था कि बीजेपी में उनसे कोई राय नहीं ली जाती है। जबकि कांग्रेस में उनसे सलाह मशविरा के बाद कोई फैसला लिया जाता था। कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी परनीत कौर और उनकी बेटी जय इन्दर कौर भी बीजेपी में हैं। जय इन्दर कौर बीजेपी में पंजाब महिला मोर्चा की अध्यक्ष हैं।हालांकि इन दोनों ने कैप्टन अमरिंदर को लेकर चुप्पी साधी हुई है।
कब छोड़ी कांग्रेस?
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 2021 में मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के बाद कांग्रेस छोड़ दी थी। उस समय उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व, विशेषकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए थे। सोनिया गांधी को भेजे अपने इस्तीफे में भी उन्होंने संगठन की कार्यप्रणाली को लेकर असंतोष जताया था।इसके बाद उन्होंने अपनी अलग राजनीतिक पार्टी बनाई और बाद में भाजपा में शामिल हो गए। लेकिन भाजपा में शामिल होने के बाद उन्हें वह राजनीतिक भूमिका नहीं मिल सकी जिसकी उम्मीद की जा रही थी। इसी कारण समय-समय पर उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं होती रही हैं।
