शहर

हरिद्वार में चलती बस बनी आग का गोला, 30 यात्रियों की जान बाल-बाल बची; गंगा दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु

Haridwar Bus Fire Accident: हरिद्वार से गंगा दर्शन कर राजस्थान के कोटा लौट रहे 30 तीर्थयात्रियों की प्राइवेट बस में देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर अचानक भीषण आग लग गई। डीजल लीक होने के कारण बस देखते ही देखते आग का गोला बन गई।

Image

सर्वानंद घाट के पास हुआ हादसा

Photo : ANI

Haridwar Bus Fire Accident: उत्तराखंड के देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर शनिवार देर शाम एक बड़ा हादसा होने से टल गया। हरिद्वार से दर्शन करके लौट रहे राजस्थान के कोटा के तीर्थयात्रियों की एक प्राइवेट बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते चंद मिनटों में पूरी बस आग की लपटों में घिर गई और हाईवे पर हड़कंप मच गया। हालांकि, बस चालक की सूझबूझ और पुलिस-दमकल विभाग की मुस्तैदी के कारण बस में सवार सभी 30 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

हादसा होने का कारण

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राजस्थान के कोटा से श्रद्धालुओं का एक दल गंगा दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए हरिद्वार आया हुआ था। शनिवार देर शाम सभी यात्री बस में सवार होकर वापस कोटा लौट रहे थे। जैसे ही बस देहरादून-हरिद्वार हाईवे (dehradun haridwar highway news) पर सर्वानंद घाट के पास पहुंची, अचानक इंजन से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं।

ड्राइवर की सूझबूझ से बची यात्रियों की जान

बस में आग लगती देख चालक ने बिना वक्त गंवाए गाड़ी को हाईवे के किनारे रोका और तुरंत सभी यात्रियों को नीचे उतरने के लिए चिल्लाया। आग की बात सुनते ही बस के भीतर चीख-पुकार मच गई और यात्री घबरा गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव दल ने तेजी से काम करते हुए बस में फंसे सभी 30 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, आग इतनी भीषण थी कि जब तक उसे बुझाया जाता, पूरी बस जलकर खाक हो गई।

पुलिस मामले की कर रही जांच

एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे में सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी को भी चोट नहीं आई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि डीजल लीक होने की वजह से बस में यह शार्ट सर्किट या आग लगी। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article