Chhindwara Bus Accident: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में गुरुवार को एक गंभीर सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक बस और पिकअप वाहन के आमने-सामने टकराने से 10 लोगों की जान चली गई और 31 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह घटना जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर, नागपुर रोड पर सिमरिया के पास शाम के समय हुई। जानकारी के अनुसार, बस एक सार्वजनिक कार्यक्रम से लौट रही थी। बताया जा रहा है कि, इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल हुए थे। हादसे में छह पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चा मृत पाया गया।
बस में 40 से अधिक यात्री थे मौजूद
छिंदवाड़ा के पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने फोन पर बताया कि घायलों की संख्या अभी सटीक रूप से बताना मुश्किल है। हादसे के समय बस में 40 से अधिक यात्री मौजूद थे। घायलों को तुरंत एम्बुलेंस और अन्य वाहनों के माध्यम से जिला अस्पताल और पास के अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इस घटना के बाद जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी जिला अस्पताल पहुंचे।
सीएम मोहन यादव ने किया मुआवजे का ऐलान
वहीं, इस भीषण सड़क हादसे पर शोक जताते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक्स पर ट्वीट किया कि, "आज शाम को छिंदवाड़ा-नागपुर रोड पर हुई सड़क दुर्घटना हृदय विदारक है। प्रभावित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। परमपिता परमात्मा से प्रार्थना है कि सभी दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए कामना करता हूं। मैंने संबंधित अधिकारियों को घायलों के इलाज के लिए उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। जबलपुर से डॉक्टर्स के दल छिंदवाड़ा और नागपुर भेजने के निर्देश दिए हैं।" उन्होंने आगे लिखा कि, "छिंदवाड़ा के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह को भी अपने कार्यक्रम परिवर्तित कर छिंदवाड़ा पहुंचने के लिए निर्देशित किया है। मृतकों के निकटम परिजनों को 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि, गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। सभी घायलों का इलाज निःशुल्क किया जाएगा। भोपाल में स्वास्थ्य विभाग में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से सभी घायलों के उपचार की सतत् मॉनिटरिंग की जा रही है।"
(इनपुट - भाषा)
