शहर

Gorakhpur: मंदिर में मिला पुजारी का जला शव, हत्या या आत्महत्या?

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के एक मंदिर से पुजारी का जला शव बरामद किया गया है। उनका शरीर करीब-करीब पूरी तरह जल चुका था, केवल सिर का एक हिस्सा बचा था।

Image

Gorakhpur: मंदिर में मिला पुजारी का जला शव, हत्या या आत्महत्या?

गोरखपुर: जिले में गुलरिहा थाना क्षेत्र के एक मंदिर में सोमवार सुबह एक बुजुर्ग पुजारी का जला हुआ शव बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह गोरखपुर के गुलरिहा इलाके में बामंत माता मंदिर में पुजारी को जला हुआ पाया गया। पुजारी की पहचान गंगा दास (95) के रूप में हुई है, जो घटना के समय मंदिर के बरामदे में सो रहे थे।

पुलिस ने बताया कि सुबह तक उनका शरीर करीब-करीब पूरी तरह जल चुका था, केवल सिर का एक हिस्सा बचा था। पुलिस ने बताया कि पुजारी सुनने और बोलने में अक्षम थे, ऐसे में इस घटना के दौरान वह मदद के लिए पुकार नहीं सके होंगे, यही कारण है कि किसी को भी इसकी जानकारी नहीं हुई।

पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिनव त्यागी के नेतृत्व में पुलिस जांच करने के लिए घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कहा कि मौत का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि यह दुर्घटनावश हुआ होगा। पुलिस के अनुसार, गंगा दास ने ठंडी रात में गर्म रहने के लिए आग जलाई होगी, जिसके कारण यह घातक घटना हुई होगी। ‘जंगल डुमरी नंबर दो’ के निवासी गंगादास लंबे समय से मंदिर में रहते थे। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article